बोकारो में साइबर ठगी के 17 पीड़ितों को करीब 5 लाख रुपये वापस, 1930 पर शिकायत से मिली मदद

बोकारो पुलिस की साइबर टीम ने हालिया कार्रवाई में ठगी के 17 पीड़ितों को करीब 5 लाख रुपये वापस कराए हैं. पुलिस के मुताबिक, अब तक 59 पीड़ितों को राहत मिल चुकी है.

बोकारो में साइबर ठगी के 17 पीड़ितों को करीब 5 लाख रुपये वापस, 1930 पर शिकायत से मिली मदद

बोकारो (BOKARO): साइबर ठगी में पैसे गंवाने वाले लोगों को बोकारो पुलिस की कार्रवाई से राहत मिली है. पुलिस के अनुसार, साइबर टीम ने हालिया कार्रवाई में 17 पीड़ितों को करीब 5 लाख रुपये वापस कराए हैं. अब तक कुल 59 पीड़ितों को उनकी ठगी की रकम वापस दिलाने में मदद मिली है.

एक मिनट में निकले थे 5 लाख रुपये

राहत पाने वालों में प्रवीण कुमार भी हैं. उनके खाते से महज एक मिनट के भीतर 5 लाख रुपये निकल गए थे. शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और उनके 2 लाख 79 हजार रुपये वापस कराए. बाकी रकम की वापसी के बारे में पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है.

कैसे वापस कराई जाती है रकम?

बोकारो पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही टीम लेनदेन की जानकारी जुटाती है और संबंधित बैंक व वित्तीय संस्थानों से संपर्क कर रकम को होल्ड कराने का प्रयास करती है. इसके बाद जरूरी जांच और प्रक्रिया पूरी कर उपलब्ध रकम पीड़ित के खाते में वापस कराने की कार्रवाई होती है.

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस मनी रेस्टोरेशन मॉडल के तहत काम कर रही है. यह व्यवस्था 1930 साइबर हेल्पलाइन से जुड़ी है. हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी जानकारी साइबर टीम तक पहुंचती है. टीम उसका विश्लेषण करती है, पीड़ित से संपर्क करती है और रकम रोकने की प्रक्रिया शुरू करती है.

पुलिस ने अपील की है कि ठगी का पता चलते ही 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं. शिकायत जल्दी मिलने पर रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने और उसे वापस कराने की संभावना बढ़ती है.

रिपोर्ट –संजीव ओझा