गोमिया से इंसानियत की मिसाल: दस महीने बाद हैदराबाद की मंजू की हुई घर वापसी, बीडीओ और माहेर संस्था ने निभाया फर्ज
बोकारो के गोमिया से एक दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है, जहाँ इंसानियत, प्रशासन और एक संस्था की कोशिश से एक बिछड़ी हुई महिला लगभग दस महीने बाद अपने परिवार से मिल पाई.
Bokaro: बोकारो के गोमिया से एक दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है, जहाँ इंसानियत, प्रशासन और एक संस्था की कोशिश से एक बिछड़ी हुई महिला लगभग दस महीने बाद अपने परिवार से मिल पाई. जानकारी के अनुसार गोमिया के साड़म स्थित संतोषी मंदिर के पास कड़ाके की ठंड में बदहाल स्थिति में रह रही महिला को गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो की पहल और माहेर संस्था ने इंसानियत की मिशाल पेस कर उसे नई जिंदगी दी है. और आखिर वो पल आ ही गया जब हैदराबाद की बिछड़ी हुई मंजू अपने, अपनों से मिल सकी.
तारीख थी 19 दिसंबर 2025, जगह - गोमिया का साड़म संतोषी मंदिर। कड़ाके की ठंड में एक महिला बुरी स्थिति में सड़क किनारे पड़ी थी. इसकी जानकारी बीडीओ महादेव कुमार महतो को मिली. उन्होंने तुरंत आईईएल स्थित मानव सेवा में लगी माहेर संस्था को इसकी सूचना दी और कहा कि अगर आप कुछ कर सकते हैं तो करिए.
इस सूचना पर माहेर की टीम के साथ बीडीओ स्वयं मौके पर पहुंचे और महिला को रेस्क्यू कर माहेर लाया गया. संस्था ने उसका नाम रखा - मंजू उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. माहेर ने तुरंत उसका इलाज रांची के प्रसिद्ध मानसिक संस्थान RINPAS, कांके में शुरू कराया.
तीन-चार महीने के इलाज के बाद चमत्कार हुआ. मंजू ने धीरे-धीरे बोलना शुरू किया और बताया कि वह हैदराबाद की रहने वाली है.उसका पूरा नाम मंजू यश घामली है.
फिर माहेर की टीम ने उसकी घर वापसी के लिए जद्दोजहद शुरू की. मंजू के बारे में थोड़ी सी जानकारी मिलने के बाद 29 नवंबर को माहेर ने हैदराबाद पुलिस से संपर्क किया.हैदराबाद पुलिस ने भी इंसानियत का फर्ज निभाते हुए उसी दिन शाम तक उसके परिवार को ढूंढ निकाला.
परिवार से बात होते ही खुशी का ठिकाना न रहा. परिवार ने तुरंत आने का वादा किया और शनिवार 31 अक्टूबर को ट्रेन पकड़ कर बोकारो स्टील सिटी पहुंचे और वहां से सीधे गोमिया माहेर आश्रम आए. मंजू को लेने के लिए उसका चचेरा भाई रमेश, उसकी बेटी, दामाद मंगू और एक अन्य रिश्तेदार भाई रमेश माहेर पहुंचे.दस महीने बाद अपनी बेटी को देख मंजू सहित पूरे परिवार की आंखें भर आईं. मंजू को ले जाने के लिए उसके परिवार को माहेर आने के सूचना जैसे ही बीडीओ को मिली, वे खुद माहेर पहुंचे और मंजू को नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दी. वहीं मंजू के परिवार ने भी बीडीओ महादेव कुमार महतो और माहेर संस्था को कोटि कोटि आभार व्यक्त किया.
सच में - एक अधिकारी की संवेदनशीलता, एक संस्था की सेवा और पुलिस की तत्परता ने एक उजड़ा हुआ परिवार फिर से बसा दिया.
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट