दो साल से फरार शंकर रवानी हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, BGH के पास से पुलिस ने दबोचा

बोकारो के चर्चित शंकर रवानी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. हत्याकांड के बाद से पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी नागेश्वर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) के पास से दबोचा. लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. आखिरकार दो साल बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

दो साल से फरार शंकर रवानी हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, BGH के पास से पुलिस ने दबोचा

बोकारो (BOKARO): बोकारो के चर्चित शंकर रवानी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. हत्याकांड के बाद से पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी नागेश्वर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) के पास से दबोचा. लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. आखिरकार दो साल बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. उसकी गिरफ्तारी को हत्याकांड की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नागेश्वर सिंह चैताटांड़ महुआर का रहने वाला है. हरला थाना क्षेत्र में हुए शंकर रवानी हत्याकांड के बाद से ही वह फरार चल रहा था. आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी. इस बीच उसके खिलाफ बोकारो न्यायालय से अजमानतीय वारंट भी जारी किया गया था. इसके बावजूद वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बीजीएच के पास से गिरफ्तार कर लिया.

नागेश्वर सिंह का आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हरला थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें मारपीट, छेड़छाड़, चोरी, धमकी और दहेज से संबंधित मामले शामिल हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ दर्ज मामलों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

बोकारो के सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नागेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ न्यायालय से अजमानतीय वारंट जारी था. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

रिपोर्ट : संजीव कुमार