खरना का प्रसाद खा कर लौट रहा था युवक, तभी चलती बाइक में लगी अचानक आग! बाल- बाल बचा युवक
बोकारो के सेक्टर-12E लाल चौक के पास चलती हीरो होंडा बाइक में अचानक आग लग गई. बाइक सवार युवक ने कूदकर जान बचाई, लेकिन बाइक पूरी तरह जल गई.
बोकारो के सेक्टर-12E लाल चौक के पास चलती हीरो होंडा बाइक में अचानक आग लग गई. बाइक सवार युवक ने कूदकर जान बचाई, लेकिन बाइक पूरी तरह जल गई.
बोकारो (BOKARO): जिले के सेक्टर-12E स्थित लाल चौक के पास एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई. गनीमत रही कि बाइक सवार ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली. दरअसल, मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक अपनी हीरो होंडा एसएस (Hero Honda SS) बाइक से किसी के घर से छठ महापर्व के 'खरना' का प्रसाद ग्रहण कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान लाल चौक के समीप उसकी चलती बाइक में अचानक आग लग गई. आग की लपटें उठते देख युवक तुरंत बाइक खड़ी कर नीचे उतरा और घटना की सूचना पुलिस को दी.
खरना का प्रसाद लेकर घर लौट रहा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक अपनी हीरो होंडा एसएस बाइक से किसी परिचित के घर छठ महापर्व का खरना प्रसाद ग्रहण करने गया था. प्रसाद लेने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सेक्टर-12E के लाल चौक के पास अचानक उसकी चलती बाइक से आग की लपटें उठने लगीं. बाइक में आग लगी देख युवक ने तुरंत गाड़ी रोकी और नीचे उतरकर अपनी जान बचाई. इसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बुझाई आग
घटना के समय सेक्टर-12 थाना की पुलिस टीम नियमित गश्त पर निकली हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बाइक पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी.
जली हुई बाइक छोड़कर मौके से चला गया युवक
घटना के बाद बाइक सवार युवक अपनी जली हुई गाड़ी मौके पर ही छोड़कर वहां से चला गया. फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है. शुरुआती तौर पर बाइक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
रिपोर्ट- संजीव कुमार