संपत्ति विवाद में भाभी-भतीजे पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

बोकारो में संपत्ति विवाद को लेकर अपनी भाभी और नाबालिग भतीजे पर भुजाली से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी संतोष प्रसाद को हरला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

बोकारो (BOKARO): जिले में संपत्ति विवाद को लेकर अपनी भाभी और नाबालिग भतीजे पर भुजाली से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी संतोष प्रसाद को हरला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में शनिवार को सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की पूरी जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी का अपनी भाभी के साथ संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद में उसने घर में घुसकर दोनों पर हमला कर दिया. हमले में मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पहले भी अपने पिता की भुजाली से हत्या करने का आरोप है.

क्या है मामला

घटना हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 डी, स्ट्रीट-36 की है. बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद को लेकर आरोपी संतोष प्रसाद का अपनी भाभी के साथ विवाद चल रहा था. इसी विवाद में गुरुवार सुबह वह भुजाली लेकर घर पहुंचा और भाभी तथा नाबालिग भतीजे पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हमले के बाद घर से शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद आरोपी को हरला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. वहीं, घायल मां और बेटे को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है.

मां और बेटे का हो रहा है इलाज

घटना में गंभीर रूप से घायल मां और बेटे को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है.  वहीं, हरला थाना पुलिस ने आरोपी संतोष प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

संपत्ति विवाद बना हमले की वजह

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार के बीच संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद इस हमले की वजह बना. फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक संपत्ति विवाद के हिंसक रूप लेने और उसके गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है.

रिपोर्ट- संजीव कुमार