पलामू(PALAMU): किसानों की समस्याओं, झारखंड सरकार की कथित वादाखिलाफी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को हुसैनाबाद प्रखंड कार्यालय के समक्ष भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसान-मजदूर हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अजय प्रसाद गुप्ता ने की, जबकि संचालन महामंत्री श्रवण अग्रवाल ने किया. प्रदर्शन के बाद भाजपा हुसैनाबाद मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम 12 सूत्री मांगपत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील वर्मा को सौंपा.
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले किसानों से बड़े-बड़े वादे करने वाली राज्य सरकार सत्ता में आने के बाद अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है. नेताओं ने कहा कि किसानों को धान का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ समय पर भुगतान का दावा भी धरातल पर नहीं दिख रहा है. कई किसानों का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
धरना के दौरान नेताओं ने हाल के दिनों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग उठाई. साथ ही धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने, सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कृषि सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा फसल और पशुधन बीमा योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने की भी मांग की गई.
भाजपा नेताओं ने कहा कि किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है. पार्टी जनहित के सवालों को लेकर लगातार आंदोलन कर रही है और यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं पर ठोस पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.
कार्यक्रम में नगर महामंत्री चंदन सिंह, सांसद प्रतिनिधि अखिलेश मेहता, संतोष सिंह, योगेंद्र सिंह, विनय पासवान, हंसराज सिंह, चिराग पासवान, राहुल तिवारी, दुर्गेश सिंह, दिनेश सिंह, अनुज सिंह, बसंत चौहान, रामप्रीत राम, डॉ. अखिलेश गुप्ता, विकास पासवान, रामलाल विश्वकर्मा, सुरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.