अरवल (ARWAL): "तुम शिष्टाचार भूल गए हो... जूता निकाल के मारेंगे." एक फोन कॉल में कथित तौर पर बोले गए ये शब्द अब बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर चुके हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो में कुर्था के जेडीयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा और एक कनीय विद्युत अभियंता के बीच तीखी नोकझोंक सुनाई दे रही है. ट्रांसफार्मर बदलने की मांग से शुरू हुई बातचीत अब एफआईआर, मारपीट के आरोप और राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गई है. वायरल ऑडियो और अभियंता की शिकायत के बाद यह मामला पूरे अरवल जिले में चर्चा का केंद्र बन गया है.
दरअसल कुर्था से जेडीयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक एक कनीय विद्युत अभियंता (JE) से बातचीत के दौरान नाराजगी जताते हुए उसे "जूता निकाल के मारेंगे" जैसी बात कहते सुनाई दे रहे हैं. ऑडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
मामला अरवल विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में पदस्थापित कनीय विद्युत अभियंता नितेश कुमार से जुड़ा है. वायरल ऑडियो में कथित तौर पर विधायक और अभियंता के बीच रामलगन बीघा गांव में खराब ट्रांसफार्मर को लेकर बातचीत हो रही है. बातचीत के दौरान विधायक अभियंता से शिष्टाचार का हवाला देते हुए नाराजगी जाहिर करते हैं और कथित रूप से धमकी भरे लहजे में बात करते सुनाई देते हैं.
इस पूरे मामले को लेकर कनीय अभियंता नितेश कुमार ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि 13 जून की शाम विधायक ने फोन कर रामलगन बीघा में ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने को लेकर बातचीत की थी. अभियंता के अनुसार, बातचीत के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और बाद में व्हाट्सएप कॉल पर भी गाली-गलौज की गई.
नितेश कुमार ने आरोप लगाया कि इसके बाद उन्हें सर्किट हाउस बुलाया गया, जहां विधायक ने पहले उनका मोबाइल फोन बंद रखने को कहा और फिर कथित तौर पर धक्का-मुक्की, मारपीट तथा धमकी दी. अभियंता का दावा है कि उन्हें नौकरी करने से रोकने और गंभीर परिणाम भुगतने की भी चेतावनी दी गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक के इस व्यवहार से सरकारी कार्य प्रभावित हुआ और विभागीय कामकाज में बाधा उत्पन्न हुई. मामले को लेकर अभियंता ने अरवल सदर थाना में विधायक पप्पू कुमार वर्मा के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
वहीं, विधायक पप्पू कुमार वर्मा ने सभी आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि रामलगन बीघा गांव में लंबे समय से ट्रांसफार्मर खराब था और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही थी. इसी संबंध में अभियंता को बुलाकर समस्या से अवगत कराया गया था. विधायक ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. फिलहाल वायरल ऑडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है.

