छठ पर रेलवे का बड़ा तोहफा: आसनसोल से पटना साहिब और बेतिया के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, जानें टाइमिंग और ठहराव
छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे आसनसोल से पटना साहिब और बेतिया के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाएगा. जानें तारीख, समय और स्टॉपेज.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. यात्रियों की सुविधा के लिए आसनसोल से पटना साहिब और आसनसोल से बेतिया के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इन ट्रेनों के परिचालन से छठ के मौके पर बिहार जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है. रेलवे ने दोनों रूटों पर ट्रेनों की तारीख, समय और ठहराव की जानकारी जारी कर दी है.
आसनसोल-पटना साहिब स्पेशल ट्रेन की टाइमिंग
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03513 आसनसोल-पटना साहिब अनारक्षित स्पेशल 11 और 13 नवंबर 2026 को आसनसोल से शाम 7:30 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन रात 1:45 बजे पटना साहिब पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03514 पटना साहिब-आसनसोल अनारक्षित स्पेशल 12 और 14 नवंबर को पटना साहिब से रात 2:15 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन सुबह 9:20 बजे आसनसोल पहुंचेगी. इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में चित्तरंजन, जामताड़ा, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव होगा. ये सभी स्टेशन पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के अंतर्गत आते हैं.
आसनसोल-बेतिया स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
इसी तरह ट्रेन संख्या 03515 आसनसोल-बेतिया अनारक्षित स्पेशल 12 नवंबर 2026 को आसनसोल से दोपहर 1:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 1 बजे बेतिया पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 03516 बेतिया-आसनसोल अनारक्षित स्पेशल 13 नवंबर को बेतिया से रात 2:30 बजे खुलेगी और उसी दिन दोपहर 2 बजे आसनसोल पहुंचेगी. इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है.
छठ पर्व के दौरान बिहार जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों को इन विशेष ट्रेनों से आवागमन में सुविधा मिलेगी. अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन से त्योहार के समय नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.