टीनपी डेस्क (TNP DESK): कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी. भूकंप के बाद अब तक कम से कम 132 लोगों की मौत और 570 लोगों के घायल होने की खबर है. देश के पांच बड़े शहरों को रेड अलर्ट पर रखा गया है, जबकि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है.
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति के साथ आपदा प्रबंधन को लेकर हुई बैठक में बताया गया कि अकेले परेरा शहर में 60 लोगों की जान गई है. भूकंप के कारण 86 इमारतें ढह गईं, जबकि सात हवाई अड्डों पर कामकाज रोकना पड़ा. करीब 5 लाख की आबादी वाला परेरा भूकंप के केंद्र से 64 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित था.
भूकंप के झटके राजधानी बोगोटा समेत कोलंबिया के कई शहरों में महसूस किए गए. बोगोटा में अलार्म बजने के बाद एहतियातन कई इमारतों को खाली कराया गया. राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला के अनुसार, देश में 1,577 रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि 37 इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गईं. 18 स्वास्थ्य केंद्रों और 52 स्कूलों को भी नुकसान पहुंचा है.
पश्चिमी-मध्य कोलंबिया का रिसराल्डा इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित बताया जा रहा है. अधिकारियों ने संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर भी चिंता जताई है. अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:34 बजे आया. इसका केंद्र चोको इलाके में सैन होस डेल पाल्मार के पास था और इसकी गहराई करीब 107 किलोमीटर थी.
बोगोटा प्रशासन ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए छह कलेक्शन सेंटर बनाए हैं. यहां पानी, कंबल, भोजन, हाइजीन उत्पाद और फर्स्ट-एड सामग्री जुटाई जा रही है. साथ ही, करीब 100 बचावकर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजने की तैयारी की गई है.

