पत्नी को 4 घंटे तक बंधक बनाकर किया ये हाल, नहीं रुकी हैवानियत और एसिड फेंकने की दी धमकी, फिर....

पत्नी को 4 घंटे तक बंधक बनाकर किया ये हाल, नहीं रुकी हैवानियत और एसिड फेंकने की दी धमकी, फिर....

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): मुंबई के आरसीएफ थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है.पुलिस ने 25 वर्षीय अरबाज सैयद को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी पत्नी को बंधक बनाकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है.

पुलिस के मुताबिक, घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को घर के अंदर बंद कर दिया और उसे डराने-धमकाने के लिए तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. इतना ही नहीं, उसने महिला के चेहरे पर एसिड फेंकने की भी धमकी दी. आरोप है कि उसने करीब चार घंटे तक महिला को जबरन 'मुर्गा' बनाकर रखा और लगातार प्रताड़ित करता रहा.

किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर महिला अपने मायके पहुंच गई. हालांकि आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ. कुछ समय बाद वह पीड़िता के मायके पहुंच गया और वहां भी हंगामा करने लगा. आरोप है कि इसी दौरान उसने चाकू से हमला कर पत्नी को घायल कर दिया.

घटना की सूचना मिलने के बाद आरसीएफ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. बाद में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया.

जांच में यह भी सामने आया है कि अरबाज सैयद का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से 19 मामले दर्ज हैं. इनमें चोरी, झपटमारी, मारपीट, दंगा, धमकी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को पहले भी कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है और इलाके में उसकी पहचान एक हिस्ट्रीशीटर के रूप में है. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की वजह क्या थी. साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी समीक्षा की जा रही है ताकि उसके खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.