रेल यात्रियों के लिए 27 अक्टूबर का दिन हो सकता है ऐतिहासिक? बीमा को लेकर क्या होने जा रहा बदलाव, जानिए
रेल यात्रियों के लिए 27 अक्टूबर 2026 का दिन ऐतिहासिक हो सकता है. रेलवे इस दिन से यात्री बीमा नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. इस बदलाव से केवल कुछ पैसे का प्रीमियम देकर 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर रेल यात्री पा सकते हैं. अब रेलवे स्टेशन के PRS यानी आरक्षित काउंटर से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को भी बीमा का लाभ मिलेगा.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): रेल यात्रियों के लिए 27 अक्टूबर 2026 का दिन ऐतिहासिक हो सकता है. रेलवे इस दिन से यात्री बीमा नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. इस बदलाव से केवल कुछ पैसे का प्रीमियम देकर 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर रेल यात्री पा सकते हैं. अब रेलवे स्टेशन के PRS यानी आरक्षित काउंटर से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को भी बीमा का लाभ मिलेगा. 27 अक्टूबर से देश भर में यह सुविधा लागू होगी. यह सुविधा उन यात्रियों को ही मिलेगी, जो रेलवे काउंटर से टिकट लेकर डिजिटल भुगतान करेंगें.
नगद पैसे देकर टिकट लेने वालों को बीमा की सुविधा नहीं
जानकारी के अनुसार नगद पैसे देकर टिकट लेने वालों को बीमा की सुविधा नहीं मिलेगी. ऑनलाइन की तरह काउंटर टिकट पर भी यात्रियों को 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर मिलेगा. यह बीमा दुर्घटना, मौत, अस्थाई विकलांगता जैसी स्थिति में काम आएगी. बता दें कि अब तक केवल ई टिकट बुकिंग पर ही बीमा की सुविधा मिलती है. लेकिन अब काउंटर से भी टिकट बुक कराने पर बीमा का लाभ मिलेगा, लेकिन इसके लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई या क्यू आर कोड से भुगतान करना होगा. आवेदन भरते समय आरक्षण फार्म पर चालू मोबाइल नंबर लिखना होगा. इसी मोबाइल नंबर पर ट्रेन अपडेट और बीमा संबंधी एसएमएस पहुँचेंगें. यात्रियों से जुड़ी नई सुविधा के लिए रेलवे ने आरक्षण फार्म में भी बदलाव किया है. नए फॉर्म में बीमा का विकल्प जोड़ा गया है. 27 अक्टूबर से सभी रेलवे काउंटर पर यह फार्म उपलब्ध रहेगा.
रेलवे प्रतिदिन लगभग 22,593 ट्रेनों का परिचालन करता है
उल्लेखनीय है कि भारत का रेल नेटवर्क एशिया में सबसे बड़ा तो दुनिया में चौथे पायदान पर है. भारतीय रेलवे रोजाना हजारों ट्रेनें चलाता है, जिसमें लाखों की संख्या में लोग सफर करते हैं. देश में रोजाना करीब 22,593 ट्रेनों का संचालन किया जाता है. इसमें 13, 452 यात्री ट्रेनें शामिल हैं, जो देश के करीब 7,325 स्टेशन को कवर करती हैं. इन ट्रेनों के जरिये प्रतिदिन 2.40 करोड़ यात्री सफर करते हैं. ट्रेनों की इस संख्या में मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर सभी तरह की ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा रेलवे प्रतिदिन करीब 9,141 मालगाडि़यां भी दौड़ाता है. इनके जरिये देश के कोने-कोने से माल की ढुलाई की जाती है. रेलवे की प्रतिदिन माल ढुलाई का आंकड़ा भी करीब 20.38 करोड़ टन का है.