गुजरात में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

गुजरात में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. मजेवड़ी गांव के पास फोर-ट्रैक हाईवे पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं बाकी चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हादसे में एक बच्चे की जान बाल-बाल बच गई.

बनासकांठा जिले का एक परिवार अर्टिगा कार से सोमनाथ जा रहा था. परिवार के लोग अस्थि विसर्जन की धार्मिक प्रक्रिया के लिए निकले थे. इसी दौरान जब उनकी कार जूनागढ़ के मजेवड़ी गांव के पास पहुंची, तो हाईवे पर एक ट्रक खराब हालत में खड़ा था.

बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी. चालक अचानक ट्रक को देखकर नियंत्रण नहीं संभाल पाया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

हादसे में चार लोगों की मौत

इस भीषण दुर्घटना में कार में बैठे चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है.

हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बच्चे को कोई चोट तक नहीं आई. इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया.

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. लोगों ने कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को इसकी सूचना दी.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई. रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक सड़क पर किस स्थिति में खड़ा था.

इस दर्दनाक घटना के बाद बनासकांठा जिले और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से परिवार और रिश्तेदारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.