प्रदर्शनकारियों की हिरासत पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र और दिल्ली सरकार से मांगा जवाब , CEO ऑफिस के बाहर प्रदर्शन का मामला
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन और लोगों की हिरासत से जुड़ी याचिकाओं पर केंद्र और दिल्ली सरकार से 10 दिन में जवाब मांगा है.
टीनपी डेस्क (TNP DESK): बीते दिनों देश के अलग अलग हिस्सों में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर कई लोग प्रदर्शन कर रहे थे. ऐसे में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में हुए प्रदर्शन और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है. बुधवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों सरकारों को 10 दिनों के अंदर अपना विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया. साथ ही याचिकाकर्ताओं को जवाब मिलने के एक सप्ताह के भीतर अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है. बता दें, यह मामला 10 अक्टूबर को दिल्ली में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है. आरोप है कि इस दौरान कई लोगों और राजनीतिक नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था. इस मामले में दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने यह निर्देश दिया
हिरासत को लेकर दाखिल हुई हैं कई याचिकाएं
सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने अदालत को बताया कि हिरासत से जुड़े कुछ ही मामलों में सरकार की ओर से हलफनामा दाखिल किया गया है. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार को सभी संबंधित याचिकाओं पर विस्तृत जवाब देने को कहा.
वहीं दिल्ली पुलिस ने अदालत में कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सांसद और वकील मेनका गुरुस्वामी की ओर से दाखिल बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका अब सुनवाई के लायक नहीं रह गई है. यह याचिका पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के आरोपों को लेकर दाखिल की गई थी. पुलिस का कहना है कि 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में किसी को गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया गया था.
शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को हिरासत में न लेने की हिदायत
इससे पहले 11 अक्टूबर को हुई विशेष सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि शांतिपूर्ण तरीके से इकट्ठा होने वाले लोगों को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में नहीं लिया जाना चाहिए. अदालत ने केंद्र सरकार को दिल्ली मेट्रो का संचालन सामान्य रखने और इंटरनेट सेवाएं बाधित नहीं होने देने का भी निर्देश दिया था, बशर्ते कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रहे.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ हुआ था प्रदर्शन
निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित गड़बड़ियों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और कुछ छात्र संगठनों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था. जंतर-मंतर पर 11 अक्टूबर को बड़े प्रदर्शन की योजना बनाई गई थी. इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. प्रदर्शन के दौरान 7,000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया था. इनमें कॉजपा नेता अभिजीत दीपके, यूट्यूबर ध्रुव राठी और विपक्ष के कई नेता भी शामिल बताए गए थे.