और क्या-क्या करेंगे लोग.... खुन्नस खाया पति कई दिनों से वेब सीरीज देखकर रच रहा था हत्या की साजिश, फिर जो किया
पत्नी से चल रहे विवाद और दूसरी महिला से नजदीकियों के बीच 62 वर्षीय सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट ने कथित तौर पर वेब सीरीज से प्रेरित होकर पत्नी की हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार, उसने तलवार से वार कर हत्या की, सबूत मिटाने की कोशिश की और फरार हो गया. बाद में आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK):हाल के दिनों में अगर सबसे अधिक अपराध किसी रिश्ते को लेकर हुए हैं, तो वह हैं पति-पत्नी के बीच हत्या. ऐसा लग रहा है मानो पति-पत्नी एक-दूसरे के लिए जान के दुश्मन बन बैठे हैं. हालांकि, पति-पत्नी का रिश्ता ऐसा बिल्कुल भी नहीं होता. पति-पत्नी के बीच इतना ज्यादा प्यार होता है कि लोग एक-दूसरे के लिए जान देने तक को तैयार रहते हैं. लेकिन आजकल जो कुछ देखने को मिल रहा है, वह काफी ज्यादा परेशान करने वाला है. छोटी-छोटी बातों पर लोग एक-दूसरे के जान लेने पर उतारू हो जा रहे हैं.अब जरा सोचिए, नोकझोंक और प्यार भरा रिश्ता अगर इतना खतरनाक बन जाए तो समाज का क्या होगा. दरअसल, आज हम यह बात इसलिए कर रहे हैं क्योंकि एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. यहां 62 वर्षीय सॉफ्टवेयर कंसल्टेंट कमल सिंह ने अपनी पत्नी की हत्या की प्लानिंग की और उसे मौत के घाट उतार दिया, जो काफी हैरान करने वाला है.क्योंकि एक वेब सीरीज देखने के बाद इस हत्या की साजिश रची गई थी.
एक ही घर में अलग-अलग रह रहे थे पति-पत्नी
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी भले ही एक ही घर में रहते थे, लेकिन काफी पहले ही दोनों के बीच दूरियां बढ़ चुकी थीं. दोनों अलग-अलग ही रहते थे.पुलिस की जांच में अब तक जो सामने आया है, उसके मुताबिक कमल और कोमल की शादीशुदा जिंदगी पिछले एक साल से बेहद तनाव में बीत रही थी. इसके पीछे भी किसी तीसरे का हाथ बताया जा रहा है. जांच में सामने आया है कि मुंबई की एक यात्रा के दौरान कमल की किसी दूसरी महिला से नजदीकियां बढ़ गई थीं. इसके बाद वह पत्नी से अलग रहने लगा. वहीं, एक और बात सामने आई है कि कमल जगतपुरी में कोई संपत्ति खरीदना चाहता था. वह चाहता था कि उसकी रजिस्ट्री केवल उसके पिता के नाम हो, जबकि कोमल चाहती थी कि उसमें उनका भी हिस्सा हो. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे. पुलिस के मुताबिक, इन्हीं विवादों की वजह से कमल ने जुलाई महीने में पत्नी की हत्या की योजना बना ली. उसने हरि नगर इलाके से एक तलवार खरीदी और उसे छिपाकर रख दिया.
वेब सीरीज देखकर रच रहा था हत्या की साजिश
सबसे सनसनीखेज खुलासा यह हुआ है कि कमल सिंह एचबीओ की चर्चित क्राइम सीरीज the staircase देख रहा था. इस सीरीज की कहानी में हत्या के एक ऐसे मामले को दिखाया गया है, जिसमें पत्नी की हत्या तो होती है, लेकिन हत्या का हथियार बरामद नहीं हो पाता. पुलिस का कहना है कि कमल ने इसी वेब सीरीज को देखकर हत्या की साजिश रची और हथियार गायब करने की योजना बनाई, ताकि उसके खिलाफ सबूत न मिल सकें.
घर पर अकेला देखकर दे दिया घटना को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई को दोपहर के समय घर में केवल कमल और कोमल ही थे. बेटा नोएडा की लाइब्रेरी गया था और बेटी अपने ऑफिस गई हुई थी. मौका पाकर कमल वहां पहुंचा, जहां कोमल बालकनी में कपड़े सुखा रही थी. उसने पीछे से तलवार से उसके सिर पर वार कर दिया. कोमल अपनी जान बचाने के लिए रसोई की ओर भागी, लेकिन कमल ने उसके बाल पकड़कर उसे घसीट लिया. इसके बाद उसने कैंची से भी कई बार हमला किया, जिसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है. पूरी वारदात को करीब 10 मिनट के अंदर अंजाम दिया गया.
हत्या के बाद हो गया फरार
पुलिस के मुताबिक, जब कमल ने पत्नी पर हमला किया तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी. उसकी चीखें पूरे मकान में सुनाई दे रही थीं. कमल के पिता ने परिवार के अन्य सदस्यों से जाकर देखने की बात कही, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया. हत्या के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े और हथियार को एक बैग में रखा. तलवार का हिस्सा दिखाई देने पर उसने उसे तौलिये से ढक दिया. इसके बाद वह करीब 15 से 20 मिनट तक बाथरूम में नहाता रहा और फिर बैग को एक सुनसान जगह पर फेंक आया. बताया जा रहा है कि कमल ने अपने दो बैंक खातों से 7 लाख रुपये निकाले थे. इसके अलावा वह पहले ही घर से करीब 5 लाख रुपये ले चुका था. वह कहीं और भागने की तैयारी कर रहा था.
बेटे ने खोल दिया पूरा राज
वहीं, महिला के 26 वर्षीय बेटे गौरव सिंह ने बताया कि वह दिनभर नोएडा की लाइब्रेरी में पढ़ाई करता है. वह मेडिकल पीजी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है. उसने लाइब्रेरी से अपनी मां को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. जब वह रात करीब 9:00 से 9:15 बजे के बीच घर पहुंचा और दूसरी चाबी से दरवाजा खोला, तो अंदर उसकी मां खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी. उसके पास एक कैंची भी मिली. हालांकि, जिस तलवार से हत्या की गई थी, वह वहां नहीं थी और उसके पिता भी फरार थे.
आख़िरकार मथुरा से पकड़ा गया आरोपी
आरोपी की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी निगरानी की मदद ली. जांच में पता चला कि वह मथुरा की ओर निकल गया था. हालांकि, उसका भागने का प्लान ज्यादा देर तक काम नहीं आया और 2 अगस्त को पुलिस ने उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि अब तक हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद नहीं हो सका है. हालांकि, पुलिस ने नकदी बरामद कर ली है और स्कूटर भी जब्त कर लिया है.