शर्मनाक! 3 साल की मासूम से खेत में की दरिंदगी, फिर पायजामे से गला घोंटकर.....

हमीरपुर में तीन साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया. आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया.

शर्मनाक! 3 साल की मासूम से खेत में की दरिंदगी, फिर पायजामे से गला घोंटकर.....

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): एक तरफ बात होती है लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा की, जहां बड़े बड़े दावे किए जाते हैं. वहीं दूसरी तरफ आए दिन हैवानियत की ऐसी वारदात सामने आती है जो इंसान को झकझोर कर रख देती है. पर आज जिस घटना के बारे में हम आपको बताने वाले हैं, वह आपको अंदर तक तोड़ कर रख देगी और यह सवाल पूछने पर मजबूर कर देगी की क्या सचमुच कोई इंसान इन हद तक हैवानियत कर सकता है. मामला जुड़ा है तीन साल की मासूम से, जहां उसके साथ एक हैवान ने दरिंदगी की, उसके बाद बच्चे को मौत के घाट उतार दिया. 

दरअसल मामला है उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले का जहां तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है. मामले में पुलिस ने आरोपी हीरालाल को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी. जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी. वहीं, घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों की मांग के बाद प्रशासन ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया.

मामला हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची को पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय हीरालाल बहला-फुसलाकर अरहर के खेत में ले गया. आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसके ही पायजामे से गला घोंटकर हत्या कर दी. बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इस दौरान आरोपी भी परिवार के साथ बच्ची को खोजने का नाटक करता रहा और उन्हें गुमराह करता रहा. करीब रात आठ बजे बच्ची का शव अरहर के खेत में बरामद हुआ.

शव मिलने के बाद परिजनों का शक हीरालाल पर गहराया और उन्होंने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि, घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची का शव उठाने से रोक दिया. पुलिस की दोबारा कोशिश पर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए पुलिस वाहनों पर पथराव कर दिया. इस दौरान पुलिस के छह वाहनों में तोड़फोड़ की गई. बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

इधर पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए लेकर जा रही थी. इसी दौरान पुलिस के अनुसार, हीरालाल ने छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. दूसरी ओर, पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव घर पहुंचने पर परिजनों ने आरोपी को फांसी देने और उसका मकान गिराने की मांग की. इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से आरोपी के मकान को जमींदोज कर दिया.