दिल्ली में सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात, ली स्वास्थ्य की जानकारी

दिल्ली में इलाज करवा रहे लालू यादव इन दिनों अपनी सांसद बेटी मीसा भारती के आवास पर रुके हुए हैं. सोमवार को कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली

दिल्ली में सोनिया गांधी ने लालू यादव से की मुलाकात, ली स्वास्थ्य की जानकारी

मुजफ्फरपुर: राजद सुप्रीमो लालू यादव से मुलाकात करने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली स्थित सांसद मीसा भारती के आवास पर पहुंची. सोनिया गांधी ने लालू यादव से मुलाकात कर उनकी तबीयत की जानकारी की. इस दौरान तेजस्वी यादव और लालू की बेटी मीसा भारती का पूरा परिवार मौजूद रहा. इस संबंध में लालू यादव ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी और लिखा कि सोनिया गांधी जी आवास पर पहुंच कर स्वास्थ्य की जानकारी ली. इस दौरान पुरानी यादें भी ताजा हुई. स्मरण किया कि कैसे UPA सरकार के दिनों में हम लोगों ने युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी व जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की तथा मनरेगा, RTE, RTI जैसी कानूनों से देशवासियों को सशक्त किया गया. सरदार मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए हम लोगों ने कैसे 1 लाख 45 हज़ार करोड़ से अधिक की धनराशि दी.

तेजस्वी ने कहा दोनों के संबंध पुराने और अच्छे रहे हैं

इस संबंध में राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे तथा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने आवास पर पहुंच कर लालू यादव से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि लालू यादव और सोनिया गांधी के संबंध काफी पुराने और अच्छे रहे हैं. दोनों नेताओं ने मुश्किल वक्त में भी एक-दूसरे का साथ दिया है. तेजस्वी के मुताबिक, सोनिया गांधी लालू यादव का हालचाल जानने आई थीं.

बिहार की राजनीतिक हलचल पर भी कहा

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने बिहार की राजनीतिक हलचल पर भी बात की और कहा कि दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की जो कि संविधान के विपरीत है. उनकी सदस्यता रद्द की जानी चाहिए. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को कुचलने का काम कर रही है. उनका कहना था कि निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल की सदस्यता लेना उचित नहीं है. उन्होंने सवाल उठाया कि पहले भाजपा में शामिल होने की घोषणा की गई और बाद में इसे समर्थन बताया जाने लगा. तेजस्वी ने कहा कि अगर दोनों की सदस्यता रद्द नहीं की जाती है तो यह गैरसंवैधानिक होगा.

बता दें कि लंबे समय से राजद सुप्रीमो लालू यादव का स्वास्थ्य ठीक नहीं है. उनका इलाज दिल्ली में चल रहा है और डॉक्टर ने यात्रा करने से परहेज तथा आराम करने की सलाह दी है. लालू यादव इन दिनों दिल्ली में अपनी सांसद बेटी मीसा भारती के यहां रुके हुए हैं जहां सोनिया गांधी पहुंची और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने अपना ध्यान रखने की सलाह दी है.