राजनीति: सदनों में सांसद कम फिर भी सरकार ने बुलाया सत्र, 30 को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की होगी कार्यवाही
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रीजीजू ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी. उनके अनुसार लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर तथा राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर को होगी
नई दिल्ली: देश में लंबे समय से परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है. इस बीच अब सरकार ने अचानक संसद की विशेष सत्र बुलाई है. इस संबंध में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रीजीजू ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी. उनके अनुसार लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर तथा राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर को होगी जबकि दोनों सदनों के सत्र का समापन 3 दिसंबर को किया जा सकता है. हालांकि अभी सदन के सत्र को लेकर किसी एजेंडे की जानकारी नहीं दी गई है लेकिन माना जा रहा है कि सरकार परिसीमन तथा महिला आरक्षण विधेयक पेश कर सकती है. इसे लेकर शुक्रवार की दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की जाएगी जबकि शाम में कांग्रेस की बैठक की जाएगी.
किरण रीजीजू ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा
मामले में किरण रीजीजू ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरकार ने लोकसभा के माननीय अध्यक्ष और राज्यसभा के माननीय सभापति से अनुरोध किया है कि वे लोकसभा का सत्र सोमवार, 30 नवंबर, 2026 को और राज्यसभा का सत्र बुधवार, 2 दिसंबर, 2026 को पुनः बुलाएं।
103 दिनों तक जारी था सदन का सत्र
लंबे समय से चर्चा चल रही थी कि केंद्र सरकार परिसीमन तथा महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के लिए कभी भी विशेष या विस्तारित सत्र बुला सकती है. अब केंद्र सरकार के फैसले के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इस बार सदन का सत्र सबसे लंबा बुधवार रात तक 103 दिनों तक समापन नहीं किया गया था. इससे पहले 2008 में 87 दिनों तक सदन का औपचारिक समापन नहीं किया गया था.
NDA के पास सांसदों की कमी
हालांकि विशेष या विस्तारित सत्र के दौरान सरकार सदन में अगर कोई बिल पेश करती है तो उसे पास करवाना इतना आसान नहीं होगा, और इसका कारण है सांसदों की कमी. केंद्र सरकार के पास लोकसभा में 41 सांसदों की कमी है जबकि राज्यसभा में 11 सांसदों की. लोकसभा में फिलहाल 3 सीटें खाली है, ऐसे में विधेयकों पर 540 सदस्य ही वोटिंग करेंगे. वहीं दो तिहाई बहुमत के लिए कुल 360 का आंकड़ा छूना होगा जबकि एनडीए के पास 319 सांसद हैं वहीं राज्यसभा में एनडीए के पास कुल 151 सांसद हैं जबकि वोट 243 सांसद करेंगे. उच्च सदन में दो तिहाई बहुमत के लिए 162 का आंकड़ा छूना होगा और इस हिसाब से एनडीए के पास 11 वोट कम है.