टीनपी डेस्क (TNP DESK): बीते रविवार को हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल मुकाबले में मिली करारी हार के बाद गुजरात टाइटंस (GT) की टीम एक बेहद भयानक हादसे का शिकार होते होते बची है. दरअसल, रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ फाइनल मुकाबला हारने के बाद गुजरात टाइटंस की टीम जब अपनी आधिकारिक बस से वापस होटल की ओर लौट रही थी, तभी रास्ते में उनकी चलती बस में अचानक आग लग गई. बस के भीतर से धुआं और आग की लपटें उठती देख खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ के बीच तुरंत हड़कंप मच गया. गनीमत यह रही कि समय रहते सुरक्षाकर्मियों और टीम मैनेजमेंट की मुस्तैदी से सभी क्रिकेटरों और स्टाफ को बस की खिड़कियों और दरवाजों से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया.
शुरुआती रिपोर्ट्स और जांच के मुताबिक, गुजरात टाइटंस की इस लग्जरी टीम बस में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. अचानक हुए इस तकनीकी फॉल्ट के बाद बस के पिछले हिस्से से तेजी से धुआं निकलने लगा था. आग लगने की इस घटना के बाद टीम के सभी स्टार खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ करीब एक घंटे तक बीच सड़क पर ही फंसे रहे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसके तुरंत बाद टीम मैनेजमेंट ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय प्रशासन की मदद से एक दूसरी वैकल्पिक बस का इंतजाम किया और सभी खिलाड़ियों को पूरी सुरक्षा के साथ उनके होटल तक पहुंचाया. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य को कोई चोट नहीं आई है और सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
बताते चले, फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर केवल 155 रनों का मामूली स्कोर ही बना सकी थी, जिसे आरसीबी(RCB) ने बेहद आसानी से 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया. जीटी(GT) के पास अपने घरेलू दर्शकों के सामने दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने का एक सुनहरा मौका था, लेकिन वे इसमें चूक गए. खिताबी मैच में मिली इस बड़ी हार के ठीक बाद बस में आग लगने की इस घटना ने खिलाड़ियों को झकझोर कर रख दिया है.