कोर्ट के बाहर पहले युवक पर बरसाईं गोलियां, फिर कोयते से टुकड़ों में काटा, वीडियो वायरल

शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार को मंदार मारुति किवले की गोलीबारी और कोयते से हमला कर हत्या कर दी गई. पुलिस पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है.

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): हालही में एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा जिसे देख आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे. दरअसल कोर्ट परिसर में ही पेशी के लिए आए एक युवक पर दो लोगों ने पहले गोलियां बरसाई और फिर कोयते से उनके हाथ काट डाले. 

मामला महाराष्ट्र के पुणे का है जहां बुधवार को शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर अदालत में कानूनी कार्यवाही के लिए पहुंचे एक व्यक्ति पर हमलावरों ने पहले गोलीबारी की और फिर धारदार हथियार कोयते से बेरहमी से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है. वह हत्या के एक मामले में आरोपी था और कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था. बताया जा रहा है कि बुधवार को वह अदालत में कानूनी कार्यवाही के सिलसिले में पहुंचा था, तभी हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया. हालांकि, कुछ रिपोर्टों में मृतक को हत्या के मामले का गवाह बताया गया है. पुलिस की ओर से मृतक की भूमिका और हमले के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या चार से पांच के बीच थी. आरोपियों ने कोर्ट के गेट नंबर 4 के पास किवले पर गोलीबारी की. जान बचाने के लिए वह भागने लगा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और फैमिली कोर्ट की ओर जाते समय कोयते से उस पर कई वार किए. हमले में उसके हाथ भी बुरी तरह कट गए. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति फुटपाथ पर पड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि दो हमलावर उस पर धारदार हथियार से लगातार वार करते नजर आ रहे हैं.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दो स्कूटरों पर सवार होकर तोफखाना चौक की दिशा में फरार हो गए. घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद होने की जानकारी सामने आई है. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की, जबकि पुलिस ने आसपास के इलाके को घेरकर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.

पुलिस के मुताबिक, मृतक मंदार मारुति किवले पिछले साल 20 अप्रैल 2025 को पुणे के संतोषनगर-कटराज इलाके में हुए शुभम सुभाष चव्हाण हत्याकांड में आरोपी था. जमीन और पैसों के विवाद को लेकर शुभम की हत्या हुई थी. इसी मामले में किवले जेल में बंद था और चार दिन पहले ही बाहर आया था. ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश और आपसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

बताते चलें कि दो दिन पहले ही पुणे कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इसके बाद कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर हथियारों से लैस हमलावर अदालत जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके तक कैसे पहुंचे? फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.