दिल्ली में फिर विपक्ष का प्रदर्शन, खड़गे के लंच के बाद राजघाट के लिए निकले सांसद

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन देखने को मिला. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया. सांसदों ने साथ में खाना खाया और इसके बाद बसों से प्रदर्शन के लिए रवाना हो गए.

दिल्ली में फिर विपक्ष का प्रदर्शन, खड़गे के लंच के बाद राजघाट के लिए निकले सांसद

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दिल्ली में लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन देखने को मिला. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया. सांसदों ने साथ में खाना खाया और इसके बाद बसों से प्रदर्शन के लिए रवाना हो गए.

बुधवार को विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पहुंचे थे, जबकि गुरुवार को राजघाट जाने का कार्यक्रम है. बुधवार को प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कुछ नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था. अब गुरुवार को राजघाट पर क्या होता है, इस पर सबकी नजर है.

राजघाट के लिए रवाना हुए मल्लिकार्जुन खड़गे

लंच के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और INDIA ब्लॉक के कई सांसद बसों से गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए. राहुल गांधी के साथ समाजवादी पार्टी, TMC समेत कई विपक्षी दलों के सांसद भी मौजूद हैं.

रवाना होने से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्षी सांसद राजघाट जाकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना देंगे. उन्होंने कहा कि वहां महात्मा गांधी से प्रार्थना की जाएगी कि सरकार को सद्बुद्धि मिले.

खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार के कई फैसले देश और जनता के हित में नहीं हैं. वोट चोरी, महंगाई, युवाओं की समस्याएं और दूसरे मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा है.

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार उन अधिकारों और आजादी को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, जिन्हें महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने देश के लिए हासिल किया था.

राहुल गांधी का करारा जवाब

वहीं राहुल गांधी ने कहा कि उनके साथ 300 से ज्यादा सांसद हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहता है. राहुल ने यह भी कहा कि जिन्होंने संविधान को नुकसान पहुंचाया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल विपक्षी सांसद राजघाट की ओर बढ़ रहे हैं. अब देखना होगा कि पुलिस उन्हें प्रदर्शन की इजाजत देती है या फिर बुधवार की तरह गुरुवार को भी हिरासत की कार्रवाई होती है.