टीएनपी डेस्क (TNP DESK):कलयुग के इस दौर में प्यार, मोहब्बत और इश्क, विश्वास के रिश्तों का मजाक बनकर रह गया है.आज लोग अपने स्वार्थ और इच्छाओं को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जाने से नहीं हिचकते.आज के समय में कई लड़के-लड़कियां एक ही रिश्ते तक सीमित नहीं रहते, बल्कि एक साथ कई लोगों के साथ संबंध रखते है. जब ऐसे रिश्तों की सच्चाई सामने आती है, तो कई बार इसका अंजाम बेहद खौफनाक होता है.ऐसा ही एक मामला ओडिशा के भुवनेश्वर से सामने आया है, जहां एक लड़की के दो आशिक थे.जब एक युवक को दूसरे प्रेमी के बारे में पता चला, तो उसके बाद जो हुआ उसने सभी को हैरान कर दिया.
घटना को एक सामान्य सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश
बताया जा रहा है कि पहले आशिक को जब दूसरे प्रेमी के बारे में जानकारी मिली, तो उसने गुस्से में आकर अपनी थार गाड़ी से उसे कुचल दिया.इसके बाद उसने इस घटना को एक सामान्य सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की.हालांकि, जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए.जांच में सामने आई सच्चाई ने न सिर्फ पुलिस बल्कि आम लोगों को भी हैरान कर दिया.
सुनियोजित साजिश के पीछे प्रेम प्रसंग
भुवनेश्वर के चंद्रशेखरपुर इलाके में हुई यह घटना शुरुआत में एक सामान्य सड़क दुर्घटना लग रही थी, लेकिन पुलिस जांच में इसका बेहद चौंकाने वाला सच सामने आया. जांच में पता चला कि यह हादसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी, जिसकी जड़ में प्रेम प्रसंग और आपसी दुश्मनी थी.एक युवती को लेकर मुख्य आरोपी सूरज विश्वकर्मा और मृतक वरुण राउतराय के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच बढ़ती तनातनी ने आखिरकार एक युवक की जान ले ली.पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और मामला शांत होता दिखा, लेकिन बाद में विवाद फिर बढ़ गया.
मामले में एक की मौत दो घायल
आरोप है कि सूरज और उसके साथियों ने वरुण और उसके दोस्तों का पीछा किया और आचार्य हरिहर कॉलेज के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी. बाइक से गिरने के बाद वरुण को थार गाड़ी से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई काली थार समेत अन्य वाहनों को जब्त कर लिया है.पुलिस का कहना है कि जैसे ही यह स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना के पीछे साजिश है, मामले में हत्या से संबंधित गंभीर धाराएं जोड़ दी गई.इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे भुवनेश्वर को झकझोर कर रख दिया है.यह घटना एक बार फिर बताती है कि प्रेम संबंधों में पैदा हुई दुश्मनी और आवेश किस तरह एक भयावह अपराध का रूप ले सकता है, जिसका परिणाम एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बन जाता है.