टीएनपी डेस्क (TNP DESK): NEET (UG) 2026 री-एग्जाम को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही पेपर लीक की अफवाहों पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बड़ा बयान जारी किया है. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि टेलीग्राम पर प्रश्नपत्र लीक होने का दावा करने वाला वायरल वीडियो पूरी तरह भ्रामक और निराधार है. NTA ने कहा कि परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच सफलतापूर्वक आयोजित की गई है तथा पेपर लीक की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है.
NTA के अनुसार, हाल के दिनों में एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि NEET (UG) 2026 री-एग्जाम का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक हो गया था. एजेंसी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो में दिखाई गई जानकारी पूरी तरह गलत है और इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को गुमराह करना है.
परीक्षा एजेंसी ने चेतावनी दी है कि परीक्षा से जुड़ी झूठी और भ्रामक सामग्री तैयार करना या उसे जानबूझकर प्रसारित करना गंभीर अपराध है. NTA ने बताया कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और अन्य जांच एजेंसियों के सहयोग से ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है, जो फर्जी सूचनाएं फैलाने में शामिल हैं. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
NTA ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें. एजेंसी ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल NTA और NEET की आधिकारिक वेबसाइटों तथा सत्यापित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जारी की जाती हैं. इसलिए केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी को ही सही माना जाए. एजेंसी ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के हकदार हैं. ऐसे में फर्जी खबरें और अफवाहें न सिर्फ छात्रों में भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं. NTA ने सभी से जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने और भ्रामक सूचनाओं को साझा करने से बचने की अपील की है.

