ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 2018 के मानहानि मामले में बढ़ीं मुश्किलें

सोशल मीडिया पर अपने वीडियो और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने वाले यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. करीब आठ साल पुराने एक वीडियो को लेकर अब मामला अदालत तक पहुंच गया है. दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है.

ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 2018 के मानहानि मामले में बढ़ीं मुश्किलें

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): सोशल मीडिया पर अपने वीडियो और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय रखने वाले यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. करीब आठ साल पुराने एक वीडियो को लेकर अब मामला अदालत तक पहुंच गया है. दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के मानहानि मामले में ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि ध्रुव राठी ने अपने एक वीडियो के जरिए उनके खिलाफ गलत और छवि खराब करने वाले दावे किए थे. फिलहाल इस मामले में अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख तय की है.

क्या है पूरा मामला

यह पूरा विवाद मई 2018 में ध्रुव राठी की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो से जुड़ा है. इस वीडियो का नाम 'BJP IT Cell Part II' था. शिकायतकर्ता विकास सांस्कृत्यायन का आरोप है कि इस वीडियो में ध्रुव राठी ने उनके खिलाफ ऐसे दावे किए, जिनसे उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा. इसी आधार पर उन्होंने अदालत में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी.

दरअसल, वीडियो में ध्रुव राठी ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी के IT सेल ने उन्हें बदनाम करने के लिए एक व्यक्ति को पैसे देने की कोशिश की थी. यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था. उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल ने भी इसे रीट्वीट किया था. इसके बाद यह वीडियो राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बन गया था.

पहले जारी हुआ था जमानती वारंट

इस मामले में अदालत की ओर से पहले भी ध्रुव राठी को पेश होने के लिए कहा गया था. अक्टूबर महीने में कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था. बताया गया कि जब संबंधित नोटिस तामील कराने के लिए उनके पते पर पहुंचा गया, तब वहां उनका ठिकाना बंद मिला. इसके बाद भी अदालत में उनकी पेशी नहीं हो सकी.

अब मामले की सुनवाई के दौरान साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है. अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है. ध्रुव राठी फिलहाल जर्मनी में रहते हैं.

जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले भी आए थे चर्चा में

ध्रुव राठी हाल के दिनों में एक दूसरे घटनाक्रम को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे. 8 अक्टूबर को उनके भारत आने की जानकारी सामने आई थी. उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही थी.

हालांकि, प्रदर्शन में पहुंचने से पहले ही उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी. इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी.

फिलहाल 2018 के मानहानि मामले में जारी गैर-जमानती वारंट के बाद ध्रुव राठी की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. अब सबकी नजर 3 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर है.