चलती बस में एक बार फिर निर्भया जैसा कांड, नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप, जानिए कहां का है मामला

दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है.

चलती बस में एक बार फिर निर्भया जैसा कांड, नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप, जानिए कहां का है मामला

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): देश की राजधानी दिल्ली में 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा के साथ चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने सुनसान बस में किशोरी को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद आरोपी उसे कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा 4 अगस्त को अपनी मां से नाराज होकर बिना बताए नोएडा जाने के लिए घर से निकल गई थी. रात में तेज बारिश और अंधेरे के बीच वह गलती से परी चौक पर उतर गई. नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए उसने वहां से गुजर रही एक स्लीपर बस को रुकवाया और रास्ता पूछा. आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे सेक्टर-63 तक पहुंचाने की बात कहकर बस में बैठा लिया.

बस में बैठने के बाद छात्रा को पता चला कि उसमें कोई दूसरा यात्री मौजूद नहीं था. आरोप है कि बस आगे बढ़ते ही कंडक्टर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. इसके बाद चालक और कंडक्टर ने कथित तौर पर मिलकर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी. करीब 47 किलोमीटर के सफर के दौरान किशोरी भय और असहाय स्थिति में रही. वारदात के बाद दोनों आरोपी उसे देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए.

घटना के बाद पीड़िता ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस से संपर्क किया. पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया और शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया. पुलिस ने जांच के दौरान इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. एसीपी शंकर बनर्जी की निगरानी में गठित टीम ने फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बस की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने तिमारपुर पार्किंग से चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.