मुकेश अंबानी ने कॉरपोरेट जगत से की बड़ी अपील! बोले- महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो भारत बनेगा Unstoppable

मुकेश अंबानी ने कहा कि महिलाओं की तरक्की से ही भारत की प्रगति संभव है. उन्होंने कॉरपोरेट जगत से कामकाजी महिलाओं और माताओं के लिए बेहतर सहयोग व्यवस्था बनाने की अपील की.

मुकेश अंबानी ने कॉरपोरेट जगत से की बड़ी अपील! बोले- महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो भारत बनेगा Unstoppable

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कॉरपोरेट जगत से की बड़ी अपील कि है. उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि जब देश की महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तभी भारत भी तेजी से आगे बढ़ेगा. अरुंधति भट्टाचार्य की आत्मकथा ‘Indomitable’ के हिंदी संस्करण ‘अपराजिता’ के विमोचन कार्यक्रम में अंबानी ने कॉरपोरेट जगत से कामकाजी महिलाओं और माताओं के लिए बेहतर सहयोग व्यवस्था तैयार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जहां वे करियर और परिवार दोनों जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभा सकें. अंबानी ने अरुंधति भट्टाचार्य के नेतृत्व और चुनौतियों के बीच आगे बढ़ने के जज्बे की भी सराहना की.

मुकेश अंबानी ने कहा कि अरुंधति भट्टाचार्य ने 2013 में भारतीय स्टेट बैंक की पहली महिला चेयरपर्सन बनकर इतिहास रचा और उनके बाद आने वाली महिलाओं के लिए नए अवसरों का रास्ता खोला. उन्होंने अरुंधति की किताब से परिवार के मूल्यों, असफलता की जिम्मेदारी स्वीकार करने, लगातार सीखते रहने और लोगों को साथ लेकर चलने जैसी सीख साझा की. अंबानी ने कहा कि असफलता मिलने पर दूसरों को दोष देने के बजाय अपनी गलतियों को समझना और उनमें सुधार करना जरूरी है. उनके मुताबिक एक अच्छे नेता की पहचान केवल अनुयायी तैयार करने में नहीं, बल्कि भविष्य के नेताओं को तैयार करने में होती है. उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां प्रेरणादायक हैं, लेकिन कॉरपोरेट क्षेत्र में उनके लिए अभी काफी काम किया जाना बाकी है.

अंबानी ने अपनी मां कोकिलाबेन, पत्नी नीता अंबानी और बेटी ईशा अंबानी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिवार में महिलाओं की ताकत और नेतृत्व को करीब से देखा है. उन्होंने नीता और ईशा को कामकाजी माताओं के रूप में नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया. अंबानी ने कॉरपोरेट जगत के नेताओं से महिलाओं और विशेष रूप से कामकाजी माताओं के लिए मजबूत सहयोग व्यवस्था बनाने की सामूहिक पहल शुरू करने का आह्वान किया. उन्होंने अरुंधति समेत अनुभवी महिलाओं से इस प्रयास का नेतृत्व करने की अपील की और कहा कि रिलायंस फाउंडेशन इसमें पूरा सहयोग करेगा. उन्होंने संदेश दिया कि मुश्किलें आएंगी, लेकिन आगे बढ़ने और सीखने का सिलसिला रुकना नहीं चाहिए.