खाटीक समाज और मटन कारोबारियों की समस्याएं पहुंचीं सरकार तक, हाजी अरफात शेख ने मंत्री आशिष शेलार से की मुलाकात

खाटीक समाज और मटन कारोबारियों की समस्याएं पहुंचीं सरकार तक, हाजी अरफात शेख ने मंत्री आशिष शेलार से की मुलाकात

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महाराष्ट्र में खाटीक समाज, मटन कारोबारियों और बकरी-भेड़ परिवहन से जुड़े लोगों की कथित परेशानियों का मामला अब सरकार तक पहुंच गया है. भाजपा नेता हाजी अरफात शेख ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एवं मुंबई उपनगर के पालकमंत्री आशिष शेलार से मुलाकात कर व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं की समस्याओं को विस्तार से रखा. उन्होंने मांग की कि निर्दोष लोगों को बेवजह परेशान करने की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए और उन्हें निष्पक्ष न्याय मिले.

बिना वजह कार्रवाई का लगाया आरोप
हाजी अरफात शेख ने मंत्री को बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में खाटीक समाज, मटन व्यापारियों और बकरी-भेड़ की ढुलाई करने वाले परिवहनकर्ताओं को कथित तौर पर बिना किसी ठोस कारण के रोका जा रहा है. उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं और रास्तों में अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे व्यापारियों को मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है.

Image

व्यापारियों को मिले सुरक्षित माहौल
मुलाकात के दौरान हाजी अरफात शेख ने मांग की कि व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं को बिना किसी डर और दबाव के अपना व्यवसाय करने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि कथित अनुचित कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं और निर्दोष लोगों को राहत दिलाई जाए.

आशिष शेलार ने दिया कार्रवाई का भरोसा
हाजी अरफात शेख के अनुसार, मंत्री आशिष शेलार ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि किसी स्तर पर बिना कारण लोगों को परेशान किया जा रहा है, तो ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.

Image

'खाटीक समाज के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी'
मुलाकात के बाद हाजी अरफात शेख ने कहा कि खाटीक समाज के न्यायसंगत अधिकारों, मटन कारोबारियों के सम्मान और उनके व्यवसाय की सुरक्षा के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस मुद्दे पर सकारात्मक कदम उठाएगी, जिससे व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं को राहत मिल सके.