बिसलेरी अब नहीं है सेफ? पानी की गुणवत्ता पर उठे सवाल तो कंपनी ने कह दी बड़ी बात, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर को बताया....
बिसलेरी ने FSSAI की अभियोजन मंजूरी से जुड़ी खबरों पर सफाई दी है. कंपनी ने मामला पुराना बताते हुए अपने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर को सुरक्षित बताया.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आम तौर पर सफर में जाने के दौरान एक चीज जो सबसे ज्यादा इस्तेमाल में आती है, वो है पानी. और जब बात भारतीय घरों के सफर की हो तो पानी के नाम पर सबसे पहला ख्याल हमें बिसलेरी का ही आता है. पर इन दिनों बिसलेरी की गुणवत्ता को लेकर विवाद छिड़ चुका है. विवाद है पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड का जिसने अब अपने खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से अभियोजन की मंजूरी दिए जाने से जुड़ी खबरों पर प्रतिक्रिया दी है. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है और उसके उत्पाद उपभोक्ताओं के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हैं. बिसलेरी ने कहा कि मीडिया में सामने आई खबरों के बाद कंपनी पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करना चाहती है.
विस्तार से समझिए क्या है बिसलेरी से जुड़ा मामला?
दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक नमूने में निर्धारित गुणवत्ता मानकों से अधिक ब्रोमेट पाए जाने के बाद FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी थी. इस मामले पर कंपनी ने अपना पक्ष रखते हुए सैंपल की जांच से लेकर दोबारा परीक्षण तक का पूरा घटनाक्रम सामने रखा है.

गोवा प्लांट के एक बैच से जुड़ा था मामला
बिसलेरी के अनुसार, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है. कंपनी के देशभर में कुल 143 प्लांट हैं, जिनमें गोवा का प्लांट भी शामिल है. ऐसे में कंपनी ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से पानी के छह नमूने लिए थे. शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई. निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.
दोबारा जांच में सामने आई अलग रिपोर्ट
शुरुआती रिपोर्ट के बाद बिसलेरी ने 22 नवंबर 2025 को अपील दायर की. इसके आधार पर FSSAI ने संबंधित नमूने को रेफरल लैब में दोबारा परीक्षण के लिए भेजा. कंपनी के मुताबिक, दूसरी जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, हालांकि लैब रिपोर्ट में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी का भी उल्लेख किया गया. दोनों जांच रिपोर्टों में अंतर सामने आने के बाद बिसलेरी ने उसी नमूने का एक FSSAI-मान्यता प्राप्त स्वतंत्र प्रयोगशाला में परीक्षण कराया. कंपनी का दावा है कि इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा तय मानक के भीतर पाई गई.

FSSAI से जवाब नहीं मिलने का कंपनी का दावा
बिसलेरी ने कहा कि स्वतंत्र प्रयोगशाला की रिपोर्ट और मामले से संबंधित औपचारिक पत्र 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराए गए थे. कंपनी के अनुसार, इसके बाद उसे नियामक की ओर से कोई जवाब नहीं मिला और उसे लगा कि मामला समाप्त हो गया है. कंपनी ने यह भी दावा किया कि उसे अब तक ईमेल या डाक के माध्यम से कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है. साथ ही, उसके मुताबिक FSSAI की वेबसाइट पर भी इस संबंध में कोई नोटिस उपलब्ध नहीं है.
गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर बिसलेरी का भरोसा
बिसलेरी ने अपने बयान में कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है. कंपनी के अनुसार, पानी को तैयार करने की 10 चरणों वाली प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं. कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह नियामक प्रक्रिया में FSSAI का पूरा सहयोग करेगी. बिसलेरी ने दोहराया कि उसके उत्पाद गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया से गुजरते हैं और उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षित हैं. हालांकि, मामले में नियामक की ओर से आगे की कार्रवाई और आधिकारिक निष्कर्ष महत्वपूर्ण होंगे.