सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में जांच तेज, CBI ने गोलू सिंह को बलिया से किया गिरफ्तार

सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में जांच तेज, CBI ने गोलू सिंह को बलिया से किया गिरफ्तार

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ राठ की हत्या मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हाथों में है और एजेंसी इस केस की गहनता से पड़ताल कर रही है. जांच में CBI ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी गोलू सिंह को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जाएगी.

CBI को उम्मीद है कि गोलू सिंह से पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश, उसके पीछे की योजना और अन्य शामिल लोगों के बारे में अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह इस पूरे मामले में किस भूमिका में था और किन लोगों के संपर्क में था.

इससे पहले भी CBI ने इस मामले में कई अहम गिरफ्तारियां की हैं. जांच एजेंसी ने राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था, जो मूल रूप से बलिया का रहने वाला बताया जाता है. उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच टीम ने उसके संपर्क में रहे कई लोगों से भी पूछताछ की है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.

इसी बीच, राजकुमार सिंह के करीबी दोस्त ज्ञानेंद्र सिंह मोनू ने एक पुराने गैंगस्टर एक्ट मामले में बलिया कोर्ट में सरेंडर कर दिया था. इसके बाद जांच एजेंसी ने अपनी कार्रवाई और तेज करते हुए गोलू सिंह को गिरफ्तार किया. CBI ने इससे पहले 21 मई को भी इसी केस में नवीन कुमार सिंह को बलिया से हिरासत में लिया था. इसके अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के बक्सर क्षेत्र से भी कई अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा चुकी है.

फिलहाल CBI का कहना है कि गोलू सिंह से विस्तृत पूछताछ के बाद इस हत्याकांड से जुड़े कई नए खुलासे होने की संभावना है. एजेंसी को उम्मीद है कि यह गिरफ्तारी पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगी और हत्या की साजिश का पूरा नेटवर्क सामने आ सकता है.