नेपाल बाढ़ के बीच Infosys CEO लक्स गोपीसेट्टी लापता, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम
नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद Infosys Public Services के CEO Lux Gopisetty के लापता होने की खबर से चिंता बढ़ गई है. कंपनी और स्थानीय एजेंसियां उनकी तलाश में जुटी हैं.
नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद Infosys Public Services के CEO Lux Gopisetty के लापता होने की खबर से चिंता बढ़ गई है. कंपनी और स्थानीय एजेंसियां उनकी तलाश में जुटी हैं.
TNP DESK: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार तेज किया जा रहा है. भारी बारिश और बाढ़ की वजह से कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. इसी बीच इंफोसिस की सहायक कंपनी Infosys Public Services के CEO लक्स गोपीसेट्टी के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है.इंफोसिस ने गोपीसेट्टी को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह नेपाल में निजी या कारोबारी यात्रा पर गए थे. बाढ़ के बाद से उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है. कंपनी की ओर से उनकी सुरक्षित वापसी के लिए स्थानीय अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है.
कंपनी ने जारी किया बयान
इंफोसिस ने कहा है कि इस समय कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता लक्स गोपीसेट्टी का पता लगाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है. कंपनी की टीम स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों के साथ मिलकर उपलब्ध जानकारी जुटा रही है.
कंपनी ने यह भी बताया कि गोपीसेट्टी के परिवार के संपर्क में लगातार बने हुए हैं और उन्हें हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है. नेपाल में बाढ़ के कारण हुए जान-माल के नुकसान पर इंफोसिस ने दुख जताया है.
कौन हैं लक्स गोपीसेट्टी?
लक्स गोपीसेट्टी Infosys Public Services के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं. उनकी जिम्मेदारी मुख्य रूप से अमेरिका और कनाडा में पब्लिक सेक्टर से जुड़े रणनीतिक विकास, तकनीकी सेवाओं और ऑपरेशनल गतिविधियों की देखरेख की है.Infosys Public Services में CEO की भूमिका संभालने से पहले वह इंफोसिस में ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम कर चुके हैं. इंफोसिस में आने से पहले गोपीसेट्टी ने Accenture में मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी. वहां उन्होंने उत्तरी अमेरिका में हेल्थ और पब्लिक सर्विस बिजनेस से जुड़े काम का नेतृत्व किया.अपने लंबे करियर के दौरान वह IBM, PwC, HCL और BearingPoint जैसी बड़ी कंपनियों में भी वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं.
भारत सरकार भी स्थिति पर नजर बनाए हुए
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए भारत सरकार भी नेपाली प्रशासन के साथ समन्वय कर रही है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत लगातार काठमांडू प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.सरकार के मुताबिक, चीन सीमा के पास फंसे 153 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित नेपाल पहुंचाया जा चुका है. इसके अलावा बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाले गए 21 भारतीय नागरिक शुक्रवार को काठमांडू के रास्ते नई दिल्ली पहुंच गए.
सैकड़ों लोगों की तलाश जारी
बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद राहत एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती लापता लोगों का पता लगाना है. अधिकारियों और बचाव दलों की ओर से प्रभावित इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 320 लोगों की तलाश की जा रही है.इस पूरे अभियान के दौरान स्थानीय प्रशासन के साथ भारतीय अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं. लक्स गोपीसेट्टी समेत लापता लोगों को सुरक्षित खोजने के लिए राहत और बचाव टीमों की कोशिश लगातार जारी है.