भारतीय नौसेना की बढ़ेगी ताकत, 60 से ज्यादा नए युद्धपोत और पनडुब्बियां होंगी शामिल, जानिए क्या है पूरी तैयारी
समुद्र में अपनी ताकत और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है. आने वाले कुछ सालों में भारतीय नौसेना के बेड़े में 60 से ज्यादा नए युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल होने वाली हैं. खास बात यह है कि इन जहाजों का निर्माण भारत में ही किया जाएगा.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK): समुद्र में अपनी ताकत और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है. आने वाले कुछ सालों में भारतीय नौसेना के बेड़े में 60 से ज्यादा नए युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल होने वाली हैं. खास बात यह है कि इन जहाजों का निर्माण भारत में ही किया जाएगा. यानी अब सिर्फ दूसरे देशों से हथियार और तकनीक खरीदने पर निर्भर रहने के बजाय भारत अपनी ताकत खुद तैयार करने पर फोकस कर रहा है.
प्रोजेक्ट 17बी से बढ़ेगी नौसेना की ताकत
इस पूरी योजना में प्रोजेक्ट 17बी काफी अहम माना जा रहा है. इसके तहत सात नए गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाए जाएंगे. इस प्रोजेक्ट पर करीब 7.54 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है. फिलहाल यह योजना अंतिम बोली के चरण में पहुंच चुकी है. इसमें दो भारतीय शिपयार्ड मिलकर सात आधुनिक मॉडर्न का निर्माण करेंगे. मार्च 2027 तक सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी का चयन और मार्च 2028 तक निर्माण का अंतिम समझौता होने की उम्मीद है.

दुश्मन की नजर से बचने के साथ कई मोर्चों पर लड़ने में सक्षम
ये नए युद्धपोत आधुनिक तकनीक से लैस होंगे. इनमें Stealth Technology, एडवांस सेंसर और शक्तिशाली मिसाइल सिस्टम लगाए जाएंगे. इनकी मदद से समुद्र में हवाई हमलों, दूसरे युद्धपोतों और पनडुब्बियों से आने वाले खतरों का मुकाबला किया जा सकेगा. आसान भाषा में समझें तो ये जहाज समुद्र में निगरानी से लेकर सुरक्षा और जवाबी कार्रवाई तक कई जिम्मेदारियां संभाल सकेंगे.
आत्मनिर्भर नौसेना बनाने पर जोर
नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामिनाथन ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारतीय नौसेना लगातार आधुनिक और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि देश में ही युद्धपोतों का निर्माण किया जा रहा है. इसका फायदा यह होगा कि जहाजों के डिजाइन से लेकर निर्माण और रखरखाव तक भारत की अपनी क्षमता बढ़ेगी. साथ ही देश के शिपयार्ड और रक्षा उद्योग को भी मजबूती मिलेगी.

हिंद महासागर में भारत की बढ़ेगी मौजूदगी
हिंद महासागर में लगातार बदल रहे हालात और बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा को देखते हुए नौसेना का यह विस्तार काफी अहम है. भारत के लिए समुद्री रास्तों की सुरक्षा, व्यापारिक जहाजों की आवाजाही और जरूरत पड़ने पर दूसरे देशों की मदद करना भी बड़ी जिम्मेदारी है. इसी से जुड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का SAGAR विजन यानी 'Security and Growth for All in the Region' भी है. इसका मकसद हिंद महासागर क्षेत्र में सभी देशों की सुरक्षा और विकास को बढ़ावा देना है.
कुल मिलाकर, भारतीय नौसेना का यह विस्तार सिर्फ नए जहाज जोड़ने तक सीमित नहीं है. इसके जरिए भारत अपनी समुद्री सुरक्षा, स्वदेशी रक्षा तकनीक और हिंद महासागर में अपनी भूमिका को और मजबूत करने की तैयारी कर रहा है.