टीनपी डेस्क (TNP DESK): भारतीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष हॉकी टीम जुलाई में बेल्जियम के एक्सपोजर दौरे पर जाने के लिए तैयार है. नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज के नेतृत्व में टीम यूरोप की चार मजबूत टीमों ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड्स के खिलाफ कुल छह मुकाबले खेलेगी. यह दौरा इस वर्ष होने वाले पुरुष जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. भारतीय टीम 7 से 17 जुलाई 2026 के बीच यह मुकाबले खेलेगी. छह में से पांच मैच बेल्जियम के वेवरे स्थित बेल्फियस हॉकी एरेना में आयोजित होंगे, जबकि दौरे का अंतिम मुकाबला एंटवर्प स्थित हॉकी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा.
दौरे की शुरुआत भारत ऑस्ट्रिया के खिलाफ 7 जुलाई को करेगा. इसके बाद 8 जुलाई को एक बार फिर ऑस्ट्रिया से मुकाबला होगा. भारतीय टीम 10 जुलाई को मेजबान बेल्जियम के खिलाफ मैदान में उतरेगी. इसके बाद 13 जुलाई को जर्मनी से भिड़ेगी और 14 जुलाई को बेल्जियम के खिलाफ दूसरा मैच खेलेगी. दौरे का अंतिम और सबसे चुनौतीपूर्ण मुकाबला 17 जुलाई को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला जाएगा. इन मुकाबलों के जरिए भारतीय युवा खिलाड़ियों को विभिन्न परिस्थितियों में खेलने और अलग-अलग खेल शैली वाली टीमों के खिलाफ खुद को परखने का अवसर मिलेगा.
दौरे से पहले हाल ही में नियुक्त मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज ने कहा कि वह टीम के साथ अपने पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि यह दौरा खिलाड़ियों को बेहतर ढंग से समझने, टीम के खेल दर्शन को विकसित करने और मजबूत टीम पहचान बनाने का शानदार अवसर प्रदान करेगा. सोयेज के अनुसार, इस तरह के दौरे टीम के सामंजस्य को बढ़ाने और बड़े टूर्नामेंटों जैसी परिस्थितियों में प्रदर्शन का आकलन करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं. उन्होंने कहा कि यूरोप की शीर्ष टीमों के खिलाफ मुकाबले खिलाड़ियों को दबाव में अपने खेल सिद्धांतों को लागू करने और अपनी क्षमता को परखने का बेहतरीन मंच देंगे.

