मिंटो जंक्शन रवाना हुए INDIA ब्लॉक के नेता, रैली का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को SIR के विरोध में INDIA ब्लॉक की रैली आयोजित की जा रही है. इस रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता एक साथ पहुंचे हैं. सभी नेता ओपन एयर सफारी बस में सवार होकर मिंटो जंक्शन के लिए रवाना हुए.

मिंटो जंक्शन रवाना हुए INDIA ब्लॉक के नेता, रैली का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को SIR के विरोध में INDIA ब्लॉक की रैली आयोजित की जा रही है. इस रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता एक साथ पहुंचे हैं. सभी नेता ओपन एयर सफारी बस में सवार होकर मिंटो जंक्शन के लिए रवाना हुए. यहां से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा.

इस रैली में विपक्षी दल चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं. साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है. विपक्ष का कहना है कि SIR के जरिए मतदाता सूची को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं और इस मुद्दे पर देशभर में चर्चा होनी चाहिए.

एक बस में नजर आए विपक्ष के कई बड़े नेता

रैली के लिए रवाना हुई बस में राहुल गांधी के साथ अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, फारूक अब्दुल्ला, अभिषेक बनर्जी, तेजस्वी यादव और सुप्रिया सुले समेत कई नेता मौजूद रहे. सभी नेता मिंटो जंक्शन पहुंचने के बाद मार्च में शामिल होंगे. इसके बाद रामलीला मैदान में सभा होगी, जहां विपक्षी दलों के नेता अपनी बात रखेंगे.

10 लाख लोगों के जुटने का दावा

कांग्रेस ने इस रैली में करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है. वहीं, दिल्ली पुलिस का अनुमान है कि करीब 50 हजार लोग जुट सकते हैं. पुलिस के मुताबिक, रैली के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी गई है. इसके बाद रामलीला मैदान खाली करना होगा. कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.

कारोबारियों ने जताई नुकसान की आशंका

रैली को लेकर दिल्ली के कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने चिंता जताई है. संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि रैली के कारण करीब ढाई लाख दुकानों का कारोबार प्रभावित हो सकता है. इसके अलावा आसपास के 10 किलोमीटर के दायरे में ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है. CTI ने इससे दिल्ली के कारोबार को 10 से 12 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान लगाया है.

कई राज्यों के विपक्षी दल होंगे शामिल

रैली में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं. पिछले कुछ दिनों में SIR के विरोध में विपक्षी दलों का यह सातवां बड़ा प्रदर्शन बताया जा रहा है. अब रामलीला मैदान की इस सभा में विपक्षी दल अपनी एकजुटता दिखाने और चुनाव आयोग के खिलाफ उठाए जा रहे सवालों को देश के सामने रखने की कोशिश करेंगे.