पति को कैसे मारे! ड्राइवर के प्यार में पत्नी बनी कातिल, एक साल तक पति को मारने का ढूंढती रही तरीके
यूपी के मेरठ में पति की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार, महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर एक साल तक हत्या की साजिश रची, इंटरनेट पर पुराने मर्डर केसों का अध्ययन किया और अंत में पति को नींद की गोलियां देकर जहरीले सांप से डसवाने का आरोप है. कॉल डिटेल और जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश किया.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK):इन दिनों देश भर में ऐसा लग रहा है मानो पत्नियों ने पति को मरने का टेंडर ले रखा है. प्रेमी के चक्कर में पति की हत्या ट्रेंड में है. हाल ही में मुंबई में हुए सिया-केतन केस में ऐसा ही कुछ देखने को मिला, जहां प्रेमी के चक्कर में उसने अपने मंगेतर को ही मौत के घाट उतार दिया. एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला यूपी के मेरठ से सामने आया है,जी हां, वही मेरठ जहां से मुस्कान ने अपने पति के टुकड़े-टुकड़े करके ब्लू ड्रम में सीमेंट में जमा दिया था. लेकिन यहां एक महिला ने पिछले 1 साल तक अपने पति को मारने के लिए नए-नए आइडिया सर्च किए. उसके बाद अंत में जाकर ऐसा खौफनाक तरीका अपनाया, जिसके बारे में शायद किसी को अंदाजा भी नहीं था.
एक साल तक पति को मारने का ढूंढती रही तरीके
जानकारी के मुताबिक महिला एक ड्राइवर से प्यार करती थी और उसके साथ रहना चाहती थी, लेकिन उसके रास्ते का रोड़ा उसका पति बन रहा था. पिछले 1 साल से वह उसे मारने के लिए नए-नए तरीके ढूंढ रही थी और आखिर में जाकर उसने अपने पति के दूध में नींद की गोलियां खिलाईं, उसके बाद जहरीले सांप से डसवाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला पिछले 1 साल से इंटरनेट पर परफेक्ट क्राइम को लेकर जानकारी इकट्ठा कर रही थी, यानी हत्या के नए-नए तरीके ढूंढ रही थी.
पुराने केसों में भी दिया ध्यान
यह महिला इतनी शातिर थी कि उसने एक तरफ जहां इंटरनेट पर पति को मारने का तरीका सर्च किया, तो वहीं दूसरी तरफ उसने ऐसे केस का भी स्टडी किया, जिनमें पत्नी ने अपने पति की हत्या की थी. साथ ही वह यह भी देख रही थी कि इन मामलों में पुलिस ने आरोपियों को कैसे पकड़ा था. आरोपी महिला दामिनी का आरोप है कि शादी के 2 साल बाद उसका पति उसके साथ मारपीट करने लगा और उसे परेशान करता था. वहीं 1 साल पहले उसकी दोस्ती तुषार से हुई, जो ड्राइवर था. ऐसे में पति को हटाने के लिए वह पिछले 1 साल से नए-नए तरीके ढूंढ रही थी.
साहिल मुस्कान राजा सोनम के साथ सिया केतन हत्याकांड को भी पढ़ा
उसने मेरठ के चर्चित साहिल और मुस्कान के सौरभ हत्याकांड को शुरू से आखिर तक देखा. वहीं इंदौर के राजा रघुवंशी केस, जिसमें सोनम ने मेघालय में ले जाकर उसकी हत्या करवाई थी, उसका भी अध्ययन किया. इसके अलावा हाल ही में चर्चा में रहे पुणे के केतन और सिया गोयल केस का भी स्टडी किया. इन सभी केसों का अध्ययन वह इसलिए कर रही थी ताकि जिन गलतियों की वजह से ये लोग पकड़े गए, वह उन गलतियों को न दोहराए.
जहरिले सांप को पति के बिस्तर में छोड़ा
दामिनी ने अपने पति को पहले नींद की गोलियां खिलाईं. उसके बाद जहरीला सांप मंगाकर उससे डसवा दिया. जब उसका पति अतुल सोया हुआ था, तब उसने कपड़ों में छिपाकर सांप को कमरे में छोड़ दिया. दामिनी और तुषार को लगा था कि वे इस केस में नहीं पकड़े जाएंगे, लेकिन कहा जाता है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, वह पुलिस की गिरफ्त से नहीं बच सकता. ठीक ऐसा ही हुआ और इनका भंडाफोड़ हो गया.
पढ़े कैसे पुलिस को हुआ पत्नी पर शक
पुलिस को इस बात का शक हुआ कि सांप घर के अंदर कैसे घुसा और कमरे में अतुल के बिस्तर तक कैसे पहुंचा. यह बात पुलिस को हजम नहीं हो रही थी. वहीं दूसरी तरफ पुलिस लगातार दामिनी की कॉल डिटेल भी खंगाल रही थी, जिसमें वह लगातार तुषार से बातचीत और मैसेज कर रही थी. इससे पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसके साथ ही पुलिस ने सपेरे से भी पूछताछ की, जिसने कबूल किया कि उसने ही सांप तुषार को दिया था.