मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, पांच की मौत

मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, पांच की मौत

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भरौला स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

हादसा सुबह करीब 4 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ. स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद कार चला रहा चालक मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है.

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान खुशबू मार्को (22), रुद्र प्रताप (3), कुलपत सिंह (37) और सविता सिंह के रूप में हुई है. सभी अनूपपुर जिले के ग्राम लीला के रहने वाले थे. वहीं घायल प्रियंका सिंह (24) का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हादसे के बाद एक युवक कार के अंदर फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. दुर्घटनाग्रस्त कार शहडोल जिले की बताई जा रही है.

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे इलाके में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी.