Hockey Pro League: भारत ने विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से हराया, हार्दिक 'प्लेयर ऑफ द मैच', मनप्रीत ने रचा इतिहास

Hockey Pro League: भारत ने विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से हराया, हार्दिक 'प्लेयर ऑफ द मैच', मनप्रीत ने रचा इतिहास

टीएनपी डेस्क (TNP DEK): एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2025-26 के मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने शानदार और मजबूत खेल की बदौलत विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से हरा दिया. इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा. मैच में भारत की तरफ से मनदीप सिंह (7वें मिनट), शिलानंद लाकड़ा (13वें मिनट) और नीलाकंठ शर्मा (35वें मिनट) ने गोल दागे. यह मुकाबला भारतीय हॉकी के लिए इसलिए भी यादगार बन गया क्योंकि मिडफील्डर हार्दिक सिंह को उनके बेहतरीन खेल के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जबकि अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह ने दिलीप तिर्की के 412 अंतरराष्ट्रीय मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने का नया इतिहास रच दिया.

बता दे, मैच के पहले हाफ में भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण रखते हुए जर्मनी पर शुरुआती दबाव बनाया. खेल के 7वें मिनट में ही मनदीप सिंह ने गोल पोस्ट के सामने एक शानदार टर्न लेते हुए गोल दागा और भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद, पहले क्वार्टर के खत्म होने से ठीक पहले 13वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने जर्मन गोलकीपर अलेक्जेंडर स्टैडलर को छकाते हुए एक बेहतरीन फील्ड गोल किया और स्कोर 2-0 कर दिया. दूसरे क्वार्टर में जर्मनी ने अपनी रणनीति बदलते हुए भारतीय हाफ में गहरे हमले करने की कोशिश की और दो पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किए. हालांकि, भारतीय डिफेंडर अमित रोहिदास और गोलकीपर मोहित ने सूझबूझ से इन हमलों को नाकाम कर दिया, जिससे हाफ-टाइम तक भारत की 2-0 की बढ़त बरकरार रही.

इसके साथ ही सेकंड हाफ में भी भारतीय टीम का आक्रामक रुख जारी रहा. खेल के 35वें मिनट में नीलाकंठ शर्मा ने जर्मन डिफेंडरों को छकाते हुए एक शानदार सोलो रन बनाया और गेंद को गोल पोस्ट में डालकर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया. तीसरे क्वार्टर के आखिरी 20 सेकंड में जर्मनी के राफेल हार्टकोफ ने एक गोल कर स्कोर 3-1 किया. आखिरी क्वार्टर में वापसी के लिए छटपटा रही जर्मन टीम ने खेल की रफ्तार बढ़ाई और 59वें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किया, लेकिन भारतीय बैकलाइन ने दीवार की तरह खड़े रहकर उनके इस अंतिम प्रयास को भी विफल कर दिया और 3-1 की एक शानदार व हकदार जीत अपने नाम कर ली.