TNP DESK: मुंबई में बुधवार को एक धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. दोपहर करीब 2 बजे तक पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी बढ़ाए हुए हैं. धमकी भरे ई-मेल में मुंबई के प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
सूत्रों के अनुसार यह ई-मेल सुबह 9:21 बजे भेजा गया था. ई-मेल में मुंबई मेयर कार्यालय और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) भवन को दोपहर 1:11 बजे निशाना बनाने की धमकी दी गई थी. इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय को 2:11 बजे और बीएमसी कार्यालयों को 3:11 बजे टारगेट करने का दावा किया गया था. साथ ही आरएसएस की शाखाओं और कार्यालयों का भी उल्लेख किया गया था.
धमकी मिलने के बाद संबंधित विभागों को तत्काल सूचना दी गई. सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इमारतों और सार्वजनिक स्थलों पर जांच अभियान तेज कर दिया है. बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.
ई-मेल में आईईडी विस्फोटों की धमकी देने के साथ कुछ भड़काऊ टिप्पणियां भी लिखी गई थीं. इसके अलावा देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने संबंधी बातें भी कही गई थीं. फिलहाल एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं.
दोपहर 2 बजे तक किसी भी संदिग्ध वस्तु या घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि धमकी को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस, साइबर सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है.


