ईरान युद्ध से लेकर हीरा कारोबारी नीरव मोदी तक, जानें देश-विदेश की 5 प्रमुख खबरे

ईरान युद्ध से लेकर हीरा कारोबारी नीरव मोदी तक, जानें देश-विदेश की 5 प्रमुख खबरे

नीरव मोदी को लंदन कोर्ट से बड़ा झटका, बैंक ऑफ इंडिया का 100 करोड़ से ज्यादा का दावा बरकरार

हीरा कारोबारी नीरव मोदी को ब्रिटेन की अदालत से बड़ा झटका लगा है. लंदन हाई कोर्ट ने बैंक ऑफ इंडिया के पक्ष में फैसला सुनाते हुए नीरव मोदी को 10.7 मिलियन डॉलर यानी करीब 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम चुकाने के लिए जिम्मेदार ठहराया है. कोर्ट ने कहा कि नीरव मोदी ने बैंक से लिए कर्ज की व्यक्तिगत गारंटी दी थी. जज साइमन टिंकलर ने उसकी दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि बैंक के नोटिस सही तरीके से पहुंचाए गए थे. अदालत ने ब्याज समेत भुगतान की जिम्मेदारी तय की है.

दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी का तांडव, राजस्थान के 19 जिलों में येलो अलर्ट

उत्तर और मध्य भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दिल्ली-NCR के कई इलाकों में अचानक तेज रफ्तार धूल भरी आंधी और हवाओं के चलने से मौसम का मिजाज बदला है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से मामूली राहत तो मिली है लेकिन विजिबिलिटी प्रभावित हुई है. दूसरी तरफ, मौसम विभाग (IMD) ने भारी मानसूनी हलचल और चक्रवाती प्रभाव को देखते हुए राजस्थान के 19 जिलों में आंधी और आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर प्रदेश और बिहार के शेष हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं.

कतर गैस प्लांट विस्फोट में 13 मजदूरों की मौत, जमशेदपुर के रजा अली इमाम की भी गई जान

कतर के रसलाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बारजान गैस प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में 13 मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों में 12 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं. हादसे में जमशेदपुर के धतकीडीह निवासी रजा अली इमाम की भी जान चली गई. वह कतर नेशनल फैसिलिटी सर्विसेज में इंस्ट्रूमेंट टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थे. उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है. रजा अपने पीछे पत्नी, सात साल की बेटी और पांच साल के बेटे को छोड़ गए हैं. बताया जा रहा है कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ. भारतीय दूतावास मृतकों के शव भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा है.

ईरान युद्ध पर ट्रंप की नीति को नहीं मिला समर्थन, अमेरिका में अप्रूवल रेटिंग घटी

ईरान के साथ युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं. रायटर/इप्सोस सर्वे के अनुसार, केवल 23 प्रतिशत अमेरिकियों ने ईरान युद्ध को सही ठहराया, जबकि 50 प्रतिशत लोगों ने इसे खर्च और नुकसान के लिहाज से गलत बताया. सर्वे में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग घटकर 34 प्रतिशत रह गई है, जो उनके दूसरे कार्यकाल का सबसे निचला स्तर है. करीब 63 प्रतिशत अमेरिकियों को भरोसा नहीं है कि ईरान के साथ हुआ युद्धविराम लंबे समय तक टिकेगा. महंगाई और जीवन-यापन की लागत भी ट्रंप के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है.

आंध्र प्रदेश में शुरू होगी गोल्ड माइनिंग, 405 करोड़ की परियोजना का CM नायडू करेंगे उद्घाटन

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू बुधवार को कुरनूल जिले के जोन्नागिरी में 405 करोड़ रुपये की गोल्ड माइनिंग और प्रोसेसिंग परियोजना का उद्घाटन करेंगे. इस परियोजना के शुरू होने के साथ राज्य में सोने का व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो जाएगा. इसे देश की निजी क्षेत्र की बड़ी गोल्ड माइनिंग परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है. जियो मैसूर सर्विसेज इंडिया और डेक्कन गोल्ड माइन्स लिमिटेड द्वारा विकसित इस प्रोजेक्ट में पहले साल 400 किलोग्राम सोने के उत्पादन का लक्ष्य है. भविष्य में उत्पादन दो टन सालाना तक बढ़ाने की योजना है. परियोजना से करीब 700 रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है.