बिहार में बाढ़ का तांडव से लेकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 8वीं बार जीता एशिया कप तक, जाने देश की खबरें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की एशिया कप जीत, धीरज बोम्मादेवरा का विश्व कप गोल्ड, यूसीसी पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, बिहार में बाढ़ का कहर और पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश समेत पढ़ें दिन की 5 बड़ी खबरें.

बिहार में बाढ़ का तांडव से लेकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 8वीं बार जीता एशिया कप तक, जाने देश की खबरें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 8वीं बार जीता एशिया कप

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला टी-20 एशिया कप जीत लिया है. फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की. कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपना दबदबा बनाए रखा. इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर से खिलाड़ियों को बधाइयां मिल रही हैं.

हालांकि, पोडियम पर एक अलग नजारा देखने को मिला, जब भारतीय टीम ने पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार किया.

भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने विश्व कप में जीता स्वर्ण

भारत के स्टार तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने विश्व कप फाइनल की रिकर्व स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है. यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले भारतीय पुरुष तीरंदाज बने हैं. जुलाई में धीरज कांस्य पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए सीधे गोल्ड मेडल पर अपना सटीक निशाना साधा.

उनकी इस जीत ने भारतीय तीरंदाजी के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है. इस बड़ी सफलता पर उन्हें खूब बधाइयां मिली हैं.

2029 से पहले 21 राज्यों में लागू होगा यूसीसी कानून

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक ऐतिहासिक ऐलान करते हुए कहा है कि साल 2029 से पहले एनडीए शासित 21 राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड यूसीसी लागू कर दिया जाएगा. यह घोषणा देश की राजनीति में एक अहम कदम मानी जा रही है, क्योंकि यूसीसी लंबे समय से भाजपा के प्रमुख चुनावी वादों में से एक रहा है.

शाह के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज कर दी है. केंद्र सरकार का मानना है कि समान नागरिक संहिता लागू होने से देश में समान कानून बनेगा.

बिहार के 15 जिलों में बाढ़ का तांडव, 48 लाख से अधिक आबादी प्रभावित

 बिहार के 15 जिलों में गंडक, कोसी, गंगा और पुनपुन नदियां उफान पर हैं. भारी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से राज्य के 48.35 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार राहत और बचाव कार्य चला रही हैं. प्रशासन की ओर से 1,194 से अधिक सामुदायिक रसोई और 15 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां पीड़ितों को भोजन, आवास और चिकित्सा सहायता दी जा रही है.

जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव बने पटना हाईकोर्ट के 49वें मुख्य न्यायाधीश

बिहार के न्यायिक प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव हुआ है. जस्टिस वी. कामेश्वर राव ने पटना उच्च न्यायालय के 49वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाला है. राजभवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और न्यायविद उपस्थित रहे.

जस्टिस कामेश्वर राव का न्यायिक करियर बेहद समृद्ध रहा है. उनके मुख्य न्यायाधीश बनने से पटना हाईकोर्ट में लंबित पड़े मुकदमों के त्वरित निस्तारण, न्यायिक प्रणाली के सुदृढ़ीकरण और पारदर्शिता में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.