अमरनाथ यात्रा से लेकर क्रिकेट की दुनिया तक, जानें देश विदेश की प्रमुख खबरें

अमरनाथ यात्रा से लेकर क्रिकेट की दुनिया तक, जानें देश विदेश की प्रमुख खबरें

अमरनाथ यात्रा 2026 शुरू, पहले जत्थे को मिली रवाना होने की मंजूरी

जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा 2026 की शुरुआत हो गई है. उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

रास्तों पर मेडिकल सुविधा, सुरक्षा बलों की तैनाती और यात्रियों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. प्रशासन ने यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील की है.

बिहार विधान परिषद, पवन सिंह और निशांत कुमार सहित 10 नए सदस्यों ने ली शपथ

बिहार की राजनीति और मनोरंजन जगत के लिए आज का दिन बेहद चर्चा में रहा. बिहार विधान परिषद (MLC) के नए निर्वाचित 10 सदस्यों ने आज सदन के सदस्य के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. शपथ लेने वालों में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावरस्टार पवन सिंह और युवा नेता निशांत कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे.

सदन की सदस्यता ग्रहण करने के तुरंत बाद ही पवन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य बिहार में फिल्म निर्माण (फिल्म सिटी) को धरातल पर उतारना और स्थानीय कलाकारों व तकनीशियनों को राज्य में ही रोजगार के बड़े अवसर प्रदान करना है.

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

भारत मौसम विभाग ने मानसून की सक्रियता को देखते हुए कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. दिल्ली, मुंबई, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. बारिश के कारण कुछ जगहों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है.

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है. वहीं किसान भी अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं. जिससे खरीफ फसलों की बुआई को फायदा मिल सकता है. कई राज्यों में प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं.

 भारत-इंग्लैंड पहला T20 बारिश में धुला, श्रेयस और अभिषेक की शानदार पारी बेकार

भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया पहला T20 मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 189 रन बनाए थे. टीम के लिए श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया. लेकिन बारिश के कारण इंग्लैंड अपनी पारी शुरू नहीं कर सका और मैच बिना नतीजे के खत्म करना पड़ा.

यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए सीरीज की शुरुआत थी. लेकिन मौसम ने खेल का मजा किरकिरा कर दिया. अब दोनों टीमें अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगी.

रांची में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने और मनी सर्कुलेशन योजना के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने बानेश्वर नगर, केतारी बागान स्थित एक मकान में छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है.

आरोप है कि गिरोह युवाओं से 25 हजार रुपये लेकर नौकरी का झांसा देता था और नए सदस्य जोड़ने पर कमीशन का लालच देता था. छापेमारी के दौरान मौके पर 25 से 30 युवक मौजूद थे. पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.