टीएनपी डेस्क (TNP DESK):18 जून को पुणे के लोहागढ़ में हुए केतन हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसमें रोज़ चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे है एक तरफ जहां केतन हत्याकांड में सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर पुलिस जांच कर रही थी, वहीं इस हत्याकांड में तीसरे व्यक्ति की भी एंट्री हो चुकी है. यह तीसरा शख्स कोई और नहीं, बल्कि सिया के बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी का साथी है.सूत्र बताते हैं कि इस तीसरे शख्स को केतन हत्याकांड की पूरी प्लानिंग के बारे में पहले से पता था. सिया और चेतन ने हत्या की योजना का जिक्र इससे भी किया था. इस तीसरे की एंट्री के साथ ही अब इस केस ने नया मोड़ ले लिया है.पुलिस अब और ज्यादा सबूत जुटाने की कोशिश में लगी है.
सिया और चेतन ने तीसरे से शेयर की थी प्लानिंग
जांच में पता चला है कि केतन हत्याकांड अचानक नहीं हुआ था. इसके लिए कई दिन पहले से योजना बनाई गई थी, जिसकी जानकारी इस शख्स को भी थी. उसने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी है.अब पुलिस और ज्यादा गहनता से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि इस तीसरे व्यक्ति की भूमिका केवल जानकारी तक सीमित थी या फिर वह हत्याकांड में किसी तरह से शामिल था और उसने आरोपियों की किसी प्रकार से मदद की थी.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन के ट्रैकिंग के शौक का फायदा उठाकर उसे मौत के घाट उतारने की योजना बनाई थी.पहली बार 31 मई को दोनों आरोपी केतन को लोहागढ़ किले पर लेकर गए थे.उस दिन योजना थी कि केतन को खाई में धक्का देकर हत्या को हादसा दिखाया जाए, लेकिन यह कोशिश नाकाम रही.इसके बाद 4 जून को दूसरी बार हत्या की योजना बनाई गई, लेकिन किसी कारणवश उसे भी अंजाम नहीं दिया जा सका.पुलिस के मुताबिक, 14 जून को एक बार फिर केतन को मारने की कोशिश की गई.लेकिन इस बार भी आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए लेकिन 18 जून को वो कामयाब हो गए और केतन को धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया.
पढ़िए पूछ्ताछ में क्या कुछ खुलासा हुआ है
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस तीसरे शख्स ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि सिया और चेतन ने केतन हत्याकांड की योजना का जिक्र उसके साथ किया था. हालांकि, उसने इसे नजरअंदाज कर दिया, क्योंकि उसे लगा कि शायद वे मजाक कर रहे है. उसको जरा भी अंदाजा नहीं था कि सिया इतना खतरनाक कदम उठा सकती है.इसने जो भी जानकारी दी है, उसके सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि पूरी हत्या की साजिश का खुलासा हो सके.पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि तीसरे पक्ष की किसी भी तरह की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जांच पर टिकी देश की नज़र
आपको बता दें कि केतन हत्याकांड ने पूरे देश में सनसनी फैला दी थी. सोनम और मुस्कान केस के बाद अब सभी की जुबान पर सिया का नाम है.वहीं, केतन के परिवार वाले न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि वह निष्पक्ष जांच कर रही है और सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा.हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में केतन हत्याकांड में और बड़े खुलासे हो सकते है.पूरे देश की नजर इस मामले पर टिकी हुई है और सभी को पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार है.

