टीएनपी डेस्क (TNP DESK): कर्नाटक की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है, मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद डीके शिवकुमार ने राज्य के लोगों, खासकर युवाओं और छात्रों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं. सरकार के शुरुआती फैसलों से यह संकेत मिला है कि आने वाले समय में रोजगार, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे. मुख्यमंत्री बनने के बाद डीके शिवकुमार ने सबसे पहले छात्रों के लिए राहत देने वाला फैसला लिया, सरकार ने राज्य के विद्यार्थियों को मुफ्त बस पास देने की घोषणा की है. इस योजना का उद्देश्य छात्रों के परिवहन खर्च को कम करना और उन्हें शिक्षा तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है. सरकार का मानना है कि आर्थिक कारणों से किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए. रोजगार के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है, युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष प्राइवेट जॉब एक्सचेंज शुरू करने का फैसला लिया गया है, इसके जरिए नौकरी तलाश रहे युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित किया जाएगा, सरकार को उम्मीद है कि इससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार पाने में आसानी होगी और उद्योगों को भी योग्य उम्मीदवार मिल सकेंगे.
युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी नई पहल की गई है, सरकार ने राज्यभर में आयोजित होने वाली भारत जोड़ो युवा सभाओं को आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है. प्रत्येक कार्यक्रम के लिए 10-10 लाख रुपये की मदद उपलब्ध कराई जाएगी, सरकार का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में मदद करेंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने पर भी जोर दिया है, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे और किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो, मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि उनकी सरकार जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास करेगी.
डीके शिवकुमार ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई और फैसले लिए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करना है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद लिए गए इन फैसलों से सरकार ने जनता को स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है कि उसका फोकस विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर रहेगा, विशेष रूप से युवाओं और छात्रों को केंद्र में रखकर की गई घोषणाएं भविष्य की राजनीति और शासन की दिशा तय कर सकती हैं. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार अपनी इन योजनाओं को कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से लागू कर पाती है. फिलहाल मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शुरुआती फैसलों ने राज्य की राजनीति और प्रशासन में नई उम्मीदें जरूर पैदा कर दी हैं.
रिपोर्ट- सौम्या शुक्ला