दिल्ली पुलिस ने नाकाम की बड़ी आतंकी साजिश, ISI से जुड़े 9 संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने नाकाम की बड़ी आतंकी साजिश, ISI से जुड़े 9 संदिग्ध गिरफ्तार

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम करने का आरोप है. जांच एजेंसियों के मुताबिक ये लोग देश के कई बड़े शहरों में आतंक फैलाने की योजना बना रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों का संबंध दिल्ली, मुंबई और पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से बताया जा रहा है, जबकि कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. जांच में इनके तार मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने की बात भी सामने आई है.

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. अधिकारियों का कहना है कि कुछ विस्फोटक सामग्री पाकिस्तान से भेजी गई थी, जिसका इस्तेमाल बड़े हमलों को अंजाम देने के लिए किया जाना था.

जांच में खुलासा हुआ है कि संदिग्ध देश के महत्वपूर्ण और संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे, इनके निशाने पर पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्लांट, बिजली घर, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जैसे स्थान थे, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था.

पुलिस के अनुसार ISI भारत के भीतर मौजूद लोगों का इस्तेमाल कर अपने मंसूबों को अंजाम देने की कोशिश कर रही थी, ताकि बाहरी घुसपैठ का खतरा कम रहे और साजिश को आसानी से अंजाम दिया जा सके. हालांकि दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण यह पूरी साजिश नाकाम हो गई और सभी 9 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और एजेंसियां इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं.

रिपोर्ट- सौम्या