Breaking : कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 17 लोगों की मौत की खबर . 35 से अधिक घायल

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में बारिश के बीच भगदड़ मचने से 17 लोगों की मौत की खबर है. 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

Breaking : कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 17 लोगों की मौत की खबर . 35 से अधिक घायल

कोलकाता :  पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. उत्तर कोलकाता के चोरबागान इलाके में स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई. इस घटना में 17 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि 35 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है. हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं है.

बारिश के बीच बिगड़े हालात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:40 बजे बारिश के दौरान पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी. बारिश से बचने के लिए लोग पंडाल के भीतर और आसपास जमा हो गए. इसी दौरान भीड़ के दबाव के कारण अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और भगदड़ मच गई.

प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, पंडाल के निकास द्वार के पास भीड़ का दबाव बढ़ने से हादसे की स्थिति उत्पन्न हुई. कई लोग गिर पड़े, जबकि कुछ श्रद्धालुओं के बेहोश होने की भी खबर है.

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद पुलिस, दमकलकर्मियों और आपदा प्रबंधन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को निकालकर कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में करीब 35 लोगों को अस्पताल ले जाए जाने की पुष्टि हुई है.

पंडाल में प्रवेश बंद, जांच जारी

हादसे के बाद पुलिस ने संबंधित पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी. मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और राहत दल पहुंचे. घटना के कारणों और भीड़ प्रबंधन में संभावित चूक की जांच की जा रही है.फिलहाल मृतकों की अंतिम संख्या, घायलों की स्थिति और हादसे के सटीक कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. मामले में आगे की जानकारी सामने आने पर खबर अपडेट की जाएगी.