बड़ी खबर: एक परिवार के 4 लोगों की मौत से सनसनी, आखिर क्यों उठाया इतना बड़ा कदम?जांच में जुटी पुलिस

महाराष्ट्र में एक ही परिवार के पति-पत्नी और दो बच्चों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. पुलिस घटना के पीछे की वजह की जांच कर रही है.

बड़ी खबर: एक परिवार के 4 लोगों की मौत से सनसनी, आखिर क्यों उठाया इतना बड़ा कदम?जांच में जुटी पुलिस

TNP DESK:महाराष्ट्र के जलगांव जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. अमलनेर तालुका के टाकरखेड़ा गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं. बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और चलती ट्रेन की चपेट कूद गए आ. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

पुलिस के अनुसार, घटना 27 अगस्त की सुबह हुई. वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने करीब सुबह 4:40 बजे अमलनेर पुलिस को हादसे की सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रेय निकम के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ चारों शवों का पंचनामा किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

मृतकों की पहचान सुनील अमृत भील, उनकी पत्नी पार्वती भील और उनके दो बेटों सनी व राज के तौर पर हुई है. बताया गया है कि सनी दूसरी कक्षा में पढ़ाई करता था, जबकि छोटा बेटा राज आंगनवाड़ी जाता था. दोनों बच्चों की मौत ने इस घटना को और भी गंभीर और दुखद बना दिया है. एक ही परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मौत की खबर से टाकरखेड़ा गांव में शोक का माहौल है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग सुबह करीब 4 बजे अपने घर से निकले थे. इसके बाद वे धरनगांव और अमलनेर के बीच रेलवे ट्रैक तक पहुंचे. पुलिस को आशंका है कि पति-पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ ट्रेन के सामने गए होंगे. हालांकि, घटना की परिस्थितियों को लेकर अभी पुलिस की जांच जारी है और इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर परिवार ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. शुरुआती जांच में किसी पारिवारिक विवाद या घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच के दौरान परिवार के रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है. इसके अलावा पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले परिवार के सदस्यों के बीच किसी तरह का विवाद हुआ था या वे किसी अन्य परेशानी से गुजर रहे थे.

पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. परिवार के लोगों के मोबाइल फोन, बातचीत और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर भी परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जा सकता है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से टाकरखेड़ा गांव में मातम पसरा है. खासकर दो छोटे बच्चों की मौत ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.