बड़ी खबर: जम्मू-कश्मीर में खाई में गिरी यात्री बस, एक बच्ची की मौत की खबर, 16 यात्री घायल

जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. पंचौंड से ऊधमपुर जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

बड़ी खबर: जम्मू-कश्मीर में खाई में गिरी यात्री बस, एक बच्ची की मौत की खबर, 16 यात्री घायल

टीएनपी डेस्क(TNP DESK): जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. पंचौंड से ऊधमपुर जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में 16 यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जबकि एक बच्ची की मौत की खबर सामने आई है.

बस नंबर  JK02AL-3477 सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर के लिए रवाना हुई थी. करीब 7:30 बजे गुल्ली गला इलाके के पास बस हादसे का शिकार हो गई. यह जगह लाटी मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर और पंचौंड से करीब पांच किलोमीटर दूर बताई जा रही है.

हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया. बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को निजी वाहनों की मदद से उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है. वहीं, बाकी घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.

खराब सड़क पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद सड़क की स्थिति पर भी सवाल उठने लगे हैं. पूर्व सरपंच हंस राज के मुताबिक, दुर्घटनास्थल पर सड़क काफी खराब हालत में है. शुरुआती तौर पर सड़क की खराब स्थिति को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.

केंद्रीय मंत्री ने ली जानकारी

हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ऊधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से फोन पर बात की. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया है और बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया है. घायलों को अस्पताल पहुंचाकर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. प्रशासन हादसे से जुड़ी बाकी जानकारियां जुटा रहा है.