टीएनपी डेस्क(TNP DESK): उत्तर प्रदेश के आगरा में ग्वालियर हाईवे पर बुधवार को भीषण दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. थाना सैंया क्षेत्र के कुणाल कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन पूरी तरह असंतुलित होकर डिवाइडर पार कर गया और सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार ढंग से टकरा गया. इस भीषण टक्कर के कारण सामने से आ रही कार सड़क पर पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार कुल 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 12 अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया निवासी विवेक तिवारी अपनी कार से परिवार सहित हरिद्वार से गंगा स्नान कर वापस अपने घर लौट रहे थे. सुबह करीब 6 बजे कुणाल कॉलेज के पास उनकी कार का टायर फट गया और गाड़ी बेकाबू होकर धौलपुर की ओर से आ रही एक अर्टिगा कार से सीधे जा भिड़ी. हादसे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचित किया. जिसके बाद थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ियों में फंसे घायल लोगों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए आगरा के एसएन हॉस्पिटल भिजवाया.
बता दें, अस्पताल में उपचार के दौरान अर्टिगा कार के चालक रिंकू (निवासी धौलपुर, राजस्थान) और टायर फटने वाली कार के चालक विवेक तिवारी तथा उसमें सवार मीना श्रीवास्तव (दोनों निवासी दतिया, मध्य प्रदेश) की मौत हो गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि पलटने वाली अर्टिगा कार में सवार रिंकू, मनमोहन, अभिषेक, रोहित, जितेन्द्र, राहुल, शाहिल और सुमित (सभी राजस्थान के निवासी) अपने घर से कुबेरपुर स्थित एक कॉलेज में बीएससी (B.Sc) की परीक्षा देने जा रहे थे. वहीं दूसरी कार में सवार होकर दतिया जा रहे उर्मिला, राखी, मनी, राघव, शिव और सुमित गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में सघन उपचार चल रहा है.

