टीनपी डेस्क (TNP DESK) : कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले से भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब एक MUV की आमने-सामने की टक्कर एक लॉरी से हो गई. दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई.
पुलिस के मुताबिक यह हादसा येल्लापुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत NH-52 पर अराबैल घाट इलाके में बालागारा क्रॉस के पास रात करीब 1.30 बजे हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि MUV के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय MUV में चालक सहित कुल नौ लोग सवार थे. सभी धारवाड़ से धर्मस्थल और चिकमगलूर की यात्रा पर जा रहे थे. हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हुबली स्थित KIMS अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जारी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन चला रहा चालक संजीव एक फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के साथ पार्ट-टाइम डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम करता था. पुलिस के अनुसार, संजीव कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था. इसी दौरान वह सड़क के एकदम दाईं ओर चला गया, जहां सामने से अंकोला की ओर से आ रही लॉरी से उसकी सीधी टक्कर हो गई. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है.

