बड़ी खबर: भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, दो मासूम बच्चे भी शामिल
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दुकान से लगी आग पड़ोस के घर तक पहुंच गई. हादसे में दो बच्चों समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई.
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दुकान से लगी आग पड़ोस के घर तक पहुंच गई. हादसे में दो बच्चों समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK): महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. धाराशिव तालुका के येडशी गांव में एक दुकान में लगी आग देखते ही देखते पड़ोस के मकान तक पहुंच गई. इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. मृतकों में दो मासूम बच्चे और दो बुजुर्ग भी शामिल हैं. वहीं, एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे की है. येडशी गांव में स्थित एक दुकान में अचानक आग लग गई. शुरुआती दौर में आग दुकान तक सीमित थी, लेकिन कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पास के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि मकान के भीतर मौजूद लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों से घिर गया.
इस भीषण हादसे में गोविंद करंडे के परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही तुलजापुर और कलंब से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. ग्रामीणों, पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने और घर में फंसे लोगों को बचाने के लिए काफी मशक्कत की. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद छह लोगों को नहीं बचाया जा सका. राहत की बात यह रही कि एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली.
एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से येडशी गांव में मातम पसरा हुआ है. दो मासूम बच्चों समेत परिवार के सदस्यों की असमय मौत ने पूरे धाराशिव जिले को स्तब्ध कर दिया है. हादसे के बाद गांव में शोक और संवेदना का माहौल है. फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.