टीनपी डेस्क (TNP DESK): गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. वस्त्राल क्षेत्र के रामोल-गतराद रोड स्थित महमूदपुरा की एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई. हादसे में अब तक 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. घायलों को आसपास के लोगों और राहत दल की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.
बता दें, अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट और नगर निगम आयुक्त बच्छा निधि पानी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. महापौर ने बताया कि फैक्ट्री अस्थायी झोपड़ीनुमा ढांचे में संचालित की जा रही थी, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया. प्रशासन के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. चीफ फायर ऑफिसर अमित डोगरे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. फिलहाल मलबे की तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई और व्यक्ति फंसा न हो.
इसके साथ ही संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह ने बताया कि जिस पटाखा फैक्ट्री में हादसा हुआ, उसका लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था. इसके बावजूद वहां कथित रूप से अवैध तरीके से पटाखों का निर्माण और संचालन जारी था. आग लगने के बाद सबसे पहले आरएएफ के जवान मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान में जुट गए. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों में लापरवाही और अवैध संचालन के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है.

