टीएनपी डेस्क (TNP DESK): नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है जिसके कारण महाराष्ट्र के नागपुर के एक नीट (NEET-UG) स्टूडेंट और उसका परिवार गहरे सदमे में आ गया. दरअसल, 21 जून को होने वाली नीट-यूजी री-एग्जाम के लिए जब छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब का एडमिट कार्ड डाउनलोड किया गया, तो उसमें परीक्षा केंद्र भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी का एक स्कूल आवंटित कर दिया गया था. छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि उन्होंने आवेदन के दौरान विदेश का कोई विकल्प ही नहीं चुना था, बल्कि परीक्षा के लिए तीन स्थानीय जिलों का चयन किया था. इस अजीबोगरीब चूक के कारण छात्र इतना मानसिक तनाव में आ गया कि उसने परीक्षा देने से ही मना कर दिया था, क्योंकि उसके पास पासपोर्ट तक नहीं था.
इस गंभीर गड़बड़ी के सामने आते ही पीड़ित परिवार ने तुरंत नीट की हेल्पलाइन पर संपर्क किया और एनटीए को ई-मेल के जरिए शिकायत दर्ज कराई. परीक्षा में बेहद कम समय बचे होने के कारण परिवार ने मांग की कि छात्र का परीक्षा केंद्र किसी अन्य जिले के बजाय उसके होमटाउन नागपुर में ही दिया जाए ताकि वह बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षा में शामिल हो सके.
इस लापरवाही के तूल पकड़ने और शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अपनी इस तकनीकी चूक को समय रहते सुधार लिया. एनटीए ने छात्र की शिकायत का निपटारा करते हुए एक नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया है, जिसमें अब छात्र को नागपुर में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है.

